अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर विशेष निगरानी और अपराध नियंत्रण पर जोर
Lakhimpur-khiri News - नेपाल में 2026 के हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव चुनाव को सुरक्षित और निष्पक्ष बनाने के लिए भारत-नेपाल समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में चुनाव के दौरान सहयोग और सूचना आदान-प्रदान पर सहमति बनी। अधिकारियों ने सीमाई सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के उपायों पर चर्चा की। भारत-नेपाल संबंध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक हैं।

नेपाल में आगामी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव 2026 के चुनाव को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को भारत-नेपाल समन्वय समिति की बैठक नेपाल में सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई। बैठक में दोनों देशों ने चुनाव के दौरान सूचना आदान-प्रदान और सहयोग को सुनिश्चित करने पर सहमति जताई। इस महत्वपूर्ण बैठक में भारत की ओर से खीरी और नेपाल की ओर से कैलाली एवं कंचनपुर अंचल के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने भरोसा जताया कि चुनाव के दौरान पूर्ण सहयोग और साझा सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे। बैठक की शुरुआत में दोनों देशों के अधिकारियों ने अपना परिचय दिया।
बैठक में चुनाव के मद्देनजर सीमा पर चौकसी बरतने, अपराधियों पर लगाम लगाने सहित कई विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों ने चुनाव के मद्देनजर सीमा पर विशेष निगरानी रखने की बात कही। साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी, अपराधियों की धरपकड़ सीमा के दोनों तरफ कैसे की जाए जिससे अंतरराष्ट्रीय सीमा के दोनों ओर अपराधियों को संरक्षण ना मिल सके आदि महत्पूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर कार्ययोजना बनाई। इस चुनावी पर्व पर सहयोग की अपेक्षा करते हुए सीडीओ कैलाली हीरालाल रेग्मी और सीडीओ कंचनपुर मदन कोइराला ने कहा कि जितना सहयोग मिलेगा उतना चुनाव कराने में आसानी होगी। हमारे संबंध अच्छे थे और भविष्य में भी बेहतर रहेंगे। भारत और नेपाल के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक बंधनों से जुड़े हैं। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने नेपाल के अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों से जुड़ा है। डीएम ने कहा कि इस संवाद से सीमा सुरक्षा और अपराध नियंत्रण और मजबूत होंगे और सीमावर्ती जनता को सुरक्षित और सहयोगपूर्ण प्रशासनिक व्यवस्था मिलेगी। एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि, सूचना का रियल टाइम आदान-प्रदान, और आपात सेवाओं की निर्बाध आवाजाही प्राथमिकताएं रहेंगी। एएसपी पवन गौतम ने कहा कि भारत की ओर से पेट्रोलिंग सतत जारी है। हम नेपाल की ओर से मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




