हैदराबाद थाना क्षेत्र में चल रहा अवैध मिट्टी खनन का खेल, उठे सवाल
Lakhimpur-khiri News - गोला गोकर्णनाथ के हैदराबाद क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन और परिवहन का धंधा जारी है। स्थानीय लोग पुलिस की मिलीभगत का आरोप लगाते हैं। प्रतिदिन दर्जनों ट्रैक्टर मिट्टी लेकर मुख्य सड़कों पर गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होने का खतरा बढ़ गया है। यह कार्य संगठित ढंग से किया जा रहा है, जिससे सरकार को राजस्व हानि हो रही है।

गोला गोकर्णनाथ, संवाददाता। थाना हैदराबाद क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन और उसके परिवहन का धंधा बेखौफ जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस से मिलीभगत के चलते प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रतिदिन सुबह करीब 4 बजे से 10 बजे तक मिट्टी से लदी दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कस्बे की मुख्य सड़कों से गुजरती हैं। भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद रोकथाम के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे। बताते हैं कि मिट्टी का खनन ढकवा चौकी क्षेत्र के सेमरई गांव में किया जा रहा है।
वहां से अवैध रूप से मिट्टी निकालकर अज़ान कस्बे में विकसित हो रहे प्लॉटों और निर्माण स्थलों को पाटा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कार्य संगठित रूप से चल रहा है। अवैध खनन से सरकार को राजस्व हानि होने की आशंका है। वहीं सड़कों पर गिरती मिट्टी से यातायात बाधित हो रहा है और आमजन को परेशानी उठानी पड़ रही है। क्षेत्रीय नागरिकों में प्रशासनिक निष्क्रियता को लेकर रोष व्याप्त है। लंबे समय से चल रहे इस अवैध कारोबार पर अब तक प्रभावी कार्रवाई न होने से खनन में लिप्त लोगों के हौसले बुलंद हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




