बाकेगंज रोड पर नाले की जमीन पर कब्जा, पट रही जमीन
Lakhimpur-khiri News - बाकेगंज रोड पर स्थित चीनी मिल से सरायन नदी को जाने वाले नाले की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की उदासीनता के बावजूद कुछ लोग इस कीमती भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शहर की बाकेगंज रोड पर स्थित चीनी मिल से सरायन नदी को जाने वाले नाले की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि नाले के किनारे कीमती भूमि पर मिट्टी डालकर पटाई कर कब्जा करने की कोशिश की गई। जैसे ही यह मामला चर्चा में आया, रातों-रात कब्जा करने वालों ने लगाए पिलर गायब कर दिए। मौके पर मिट्टी पटाई साफ देखी जा सकती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नाले के किनारे की यह जमीन बेशकीमती मानी जाती है, जिस पर लंबे समय से कुछ लोगों की नजर रही है। इस अवैध गतिविधि के बावजूद स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अनजान बना हुआ है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि एसडीएम, तहसीलदार समेत तहसील के सभी अफसर और कर्मचारी रोज इसी बाकेगंज रोड से तहसील आते-जाते हैं, लेकिन फिर भी नाले की जमीन पर हो रहे इस कब्जे को किसी ने नोटिस नहीं किया। इससे प्रशासनिक उदासीनता पर भी सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि मामले की तत्काल जांच हो, नाले की मूल स्थिति बहाल कर उसकी जमीन खाली कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि सार्वजनिक भूमि को बचाया जा सके। एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि अवैध कब्जा किया जा रहा है तो कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




