24 घंटे इमरजेंसी और एंबुलेंस के साथ अस्पतालों में बेड सुरक्षित
Lakhimpur-khiri News - होली के त्यौहार को लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट है। अस्पतालों में इमरजेंसी सुविधाएं और एंबुलेंस तैनात की गई हैं। सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। होली के दौरान सड़क हादसों की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

होली के त्यौहार को लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड़ पर है। अस्पतालों में इमरजेंसी सुविधा के साथ एंबुलेंस भी तैनात की गयी है। इसके साथ जिला अस्पताल में तीस बेड का वार्ड तैयार किया गया है। इमरजेंसी सुविधाओं का हाल जानने सीएमओ ने रात्रि निरीक्षण भी किया। सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि होली के त्यौहार पर संभावित दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों को देखते हुए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर इमरजेंसी सेवाओं की विशेष रूप से जांच की गई। निरीक्षण की शुरुआत रविवार दोपहर पीएचसी पड़रिया तुला एवं सुंदरवल से की गई। इसके बाद वह सायं लगभग 5:30 बजे सीएचसी पलिया पहुंचे।
इमरजेंसी वार्ड, ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ , दवाओं तथा उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद रात लगभग आठ बजे चंदनचौकी नौ बजे गौरीफंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया गया। देर रात तक किए गए निरीक्षण में सभी केंद्रों पर इमरजेंसी सेवाएं सुचारु रूप से चलती हुई पाई गईं। सीएमओ ने विशेष रूप से होली के दौरान सड़क हादसों की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार, ट्रॉमा किट तथा जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए और इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे पूरी मुस्तैदी के साथ संचालित रहें। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने आम जनमानस से भी अपील की कि होली का पर्व उत्साहपूर्वक मनाएं। पूरी सावधानी बरतें। रासायनिक रंगों के स्थान पर प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करें, जिससे त्वचा संबंधी रोगों और एलर्जी से बचाव हो सके। साथ ही नशे की हालत में गाड़ी बिल्कुल ना चलाएं, यह आपके जीवन के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


