पीएम श्री विद्यालय हरिहरपुर में वार्षिकोत्सव की धूम
Lakhimpur-khiri News - बांकेगंज ब्लॉक के पीएम श्री विद्यालय हरिहरपुर में वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि राकेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यालय की शिक्षा प्रणाली की सराहना की और अभिभावकों से सहयोग की अपील की।

बांकेगंज ब्लॉक के पीएम श्री विद्यालय हरिहरपुर में विद्यालय का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। उनके साथ एआरपी राहुल मौर्य एवं सत्यानंद स्नेही विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। नन्हें बच्चों द्वारा प्रस्तुत लोकगीत, नृत्य और नाटक ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। बीईओ राकेश कुमार ने कहा कि पीएम श्री विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।
इन विद्यालयों का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि आधुनिक संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की निरंतर प्रगति के लिए विद्यालय के साथ समन्वय बनाए रखें। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी और सभी अतिथियों, शिक्षकों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर न्याय पंचायत प्रभारी प्रमोद कुमार वर्मा, अरविंद पटेल सहित न्याय पंचायत के अनेक शिक्षक एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



