Lakhimpur Khiri News: अव्यवस्थाओं पर भड़के अधिवक्ता, तहसील में जोरदार प्रदर्शन
Lakhimpur Khiri News: गोला गोकर्णनाथ तहसील में राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि मुकदमों की फाइलें उपलब्ध नहीं कराई जा रहीं, मामलों के निस्तारण और आदेश अपलोड करने में देरी हो रही है। तहसील की खराब सड़कें, बंद शौचालय और कागजात पहुंचने में लगने वाला लंबा समय भी उनकी शिकायतों में शामिल रहा।

Lakhimpur Khiri News: गोला गोकर्णनाथ। राजस्व न्यायालयों में पत्रावलियों के नियमानुसार निस्तारण में देरी समय से आदेश पारित न होने और पारित आदेशों को पोर्टल पर अपलोड न किए जाने समेत तमाम समस्याओं को लेकर बुधवार को अधिवक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। सेंट्रल बार एसोसिएशन की आपात बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में बुधवार को अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर नारेबाजी की। उन्होंने राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली में सुधार और तहसील की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग उठाई। अधिवक्ताओं का कहना है कि राजस्व न्यायालयों में वादकारियों और अधिवक्ताओं को मांगने पर मुकदमों की पत्रावलियां तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
धारा 34, 38 और 80 से संबंधित फाइलों के निस्तारण में भी मनमानी किए जाने का आरोप लगाया गया। इससे वादकारियों को परेशानी उठानी पड़ रही है और न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। अधिवक्ताओं ने कहा कि डीएम और एसडीएम को ज्ञापन देने के बावजूद तहसील परिसर की सड़कों और अधिवक्ताओं के टीनशेड की मरम्मत नहीं कराई गई। शौचालय बंद और खराब पड़े हैं। तहसील में एक पटल से दूसरे पटल तक कागजात पहुंचने में एक सप्ताह तक लग जाता है। अधिकारियों की ओर से भी समस्याओं के समाधान के संबंध में अधिवक्ताओं को संतुष्ट नहीं किया जा रहा है। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राजीव मिश्र ने की जबकि संचालन महामंत्री संदीप कुमार अवस्थी ने किया। इस मौके पर एल्डर्स कमेटी के सुरेश चंद गुप्ता, संत कुमार भारती, राकेश त्रिपाठी, नीरज मिश्रा, हरनाम पांडे, रमेश वर्मा, पंकज वर्मा, आदर्श शुक्ला, नीलकमल गुप्ता, सुरेंद्र कुमार, रामकृष्ण मिश्रा, सुरेश गिरी आदि रहे।


