आरोपियों के घर पर बुलडोजर की मांग, ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
Lakhimpur-khiri News - सिंगाही क्षेत्र में एक अनुसूचित जनजाति की किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद गांव में तनाव फैल गया है। ग्रामीणों और बजरंग दल ने प्रदर्शन किया और आरोपियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा फरार है।

सिंगाही/बेलरायां, संवाददाता। सिंगाही क्षेत्र में शनिवार रात अनुसूचित जनजाति की किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात के बाद गांव और इलाके में तनाव है। आरोपियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों और बजरंग दल के लोगों ने क्लेशहरण चौराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों से वार्ता के लिए निघासन एसडीएम व सीओ पहुंचे। उन्होंने दो दिन का वक्त मांगा। अपने रिश्तेदार के घर बारात में आई मूक-बधिर 14 वर्षीय किशोरी से गांव के ही जावेद और छोटू नाम के युवकों ने गैंगरेप किया। आरोपी उसे खींचकर बारात से करीब 50 मीटर दूर गन्ने के खेत में ले गए।
इस दौरान दावत में आई एक अन्य लड़की शौच के लिए खेत की तरफ गई तो उसने आरोपियों को देखा। भीड़ को आता देख दोनों आरोपी पीड़िता को खेत में ही छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने उसे तत्काल नजदीकी सीएचसी पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालात बिगड़ते देख गांव में भारी फोर्स तैनात कर दी गई। इस घटना को लेकर हिंदू संगठनों सहित इलाके में काफी गुस्सा देखा जा रहा है। रात में ही बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। रविवार दोपहर बजरंग दल व परिजनों ने क्लेशहरण चौराहे पर चक्का जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम राजीव निगम, तहसीलदार दिवांशु शाही व सीओ शिवम कुमार ने परिजनों से बात कर समझाया। उन्होंने बताया कि एक आरोपी जावेद मुड़भेड़ के बाद पकड़ लिया गया है। दूसरा आरोपी फरार है, जिसको जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। बजरंग दल कार्यकर्ता व परिजनों ने मांग रखी कि आरोपियों के घर पर बुलडोजर की करवाई तत्काल होनी चाहिए। इसको लेकर काफी देर तक हंगामा होता है। साथ ही परिजनों ने आरोप लगाया कि रात में गांव निवासी सलामत आया था। उसने परिजनों को पैसे का लालच देकर दबाव बनाया था। उधर, प्रदर्शन के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता गांव पहुंच गए। वहां आरोपी जावेद के घर पर तोड़फोड़ की। छप्पर आदि गिरा दिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



