जंगल की आग से किसान का ट्यूबवेल सिस्टम जलकर खाक
Lakhimpur-khiri News - मैलानी वन क्षेत्र के जटपुरा बीट में पूरनपुर गांव के पास जंगल में लगी आग से किसान सुखदेव सिंह को भारी नुकसान हुआ। आग ने उनकी पांच हार्स पावर की मोटर और सिंचाई के लिए पाइपों को जला दिया। किसान ने बताया कि आग फैलने से पहले ही वह आग बुझाने की कोशिश कर चुके थे।

मैलानी वन क्षेत्र की जटपुरा बीट के अंतर्गत पूरनपुर गांव के पास जंगल में लगी आग से एक किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ा। आग की चपेट में आकर किसान सुखदेव सिंह का पांच हार्स पावर का मोटर और सिंचाई के लिए बिछाई गई पाइप जलकर खाक हो गई। सूचना पर पहुंचे फॉरेस्टर राजाराम तिवारी ने मौके का निरीक्षण कर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। पूरनपुर निवासी सुखदेव सिंह ने बताया कि शनिवार शाम जंगल में अचानक आग लग गई, जो धीरे-धीरे फैलते हुए जंगल के किनारे लगी जाली के नीचे से होकर उनके ट्यूबवेल तक पहुंच गई। आग की लपटें देखकर जब तक वह मौके पर पहुंचे, तब तक पाइप जलने लगी थी।
उन्होंने ट्यूबवेल चलाकर पानी से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। आग में सिंचाई पाइप और पांच हार्स पावर की मोटर पूरी तरह जल गई। किसान के अनुसार, लगभग तीन हेक्टेयर खेत की सिंचाई के लिए लगाया गया स्प्रिंकल सिस्टम इस आग में नष्ट हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फॉरेस्टर राजाराम तिवारी ने बताया कि अक्सर स्थानीय लोग जंगल में जाकर बीड़ी आदि पीते हैं, जिससे सूखी पत्तियों में आग लग जाती है और देखते ही देखते वह फैल जाती है। यही इस घटना का संभावित कारण माना जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


