
जिले की 410 ग्राम पंचायतों में लगेंगी किसान पाठशालाएं
Lakhimpur-khiri News - किसानों को नई तकनीक, फसलों के उत्पादन और कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी देने के लिए 410 ग्राम पंचायतों में किसान पाठशालाओं का आयोजन 12 से 29 दिसम्बर के बीच किया जाएगा। कृषि विभाग के अधिकारी किसानों को जागरूक करेंगे और समस्याओं का समाधान बताएंगे।
किसानों को नई तकनीक की जानकारी देने, फसलों के उत्पादन, खरपतवार प्रबंधन और कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी देने के लिए जिले की 410 ग्राम पंचायतों में किसान पाठशालाओं का आयोजन किया जाएगा। यह पाठशालाएं 12 से 29 दिसम्बर के बीच आयोजित की जाएंगी। पाठशालाओं में कृषि विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों के अलावा पशुपालन व उद्यान विभाग के अधिकारी भी शामिल होंगे। उपकृषि निदेशक गिरीश चन्द ने बताया कि किसानों की बात किसानों के साथ के उद्देश्य से किसानों को खेती की तकनीकी जानकारी देने के लिए ग्राम पंचायतों में 12 से 29 दिसम्बर के बीच किसान पाठशाला आयोजित की जाएंगी।
कृषि विभाग की तकनीकी टीम गांव-गांव जाकर जाकर किसानों को जागरूक करेगी। पशुपालन और उद्यान विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी किसान पाठशाला में शामिल रहकर किसानों की समस्याओं का समाधान बताएंगे। पाठशालाओं के माध्यम से कृषि व कृषि से सम्बन्धित अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। लाभ पाने में आ रही दिक्कतों को दूर कराया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में दो दिवसीय किसान पाठशाला का आयोजन दो से शाम पांच बजे तक ग्राम पंचायत के पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय, कृषि कल्याण केन्द्र, साधन सहकारी समितियों में किया जाएगा। किसानों से पाठशाला में शामिल होने की अपील की गई है। फार्मर रजिस्ट्री के महत्व के बारे में दी जानकारी -पहले दिन किसानों को रबी की दलहन और तिलहन फसलों की नई प्रजातियों, उत्पादन तकनीक, प्राकृतिक खेती और हरी खाद के महत्व, खरपतवार नियंत्रण, कृषि रक्षा, ड्रोन का प्रयोग और फार्मर रजिस्ट्री के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। दूसरे दिन कृषि प्रसार में तकनीकी कौशल, एफपीओ की भूमिका, विभागीय योजनाओं, पीएम प्रणाम के तहत आईएनएम का महत्व व रणनीति और जायद, मक्का, मूंग, उर्द एवं बाजरा उत्पादन के बारे में किसानों को बताया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




