करंट से किसान की मौत मामले में दो गिरफ्तार
Lakhimpur-khiri News - बिजली करंट से किसान विमल वर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने 11 नामजद आरोपियों में से दो को गिरफ्तार किया है। परिजनों की मांग है कि सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। ग्रामीणों ने पुलिस की लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन किया। मामला होली के त्योहार के दौरान सामने आया है, जिससे परिवार में मातम है।

बिजली करंट से किसान की हुई मौत मामले में पुलिस ने नामजद 11 आरोपियों में से दो आरोपी अनंगपाल व रोशन को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। वहीं इस मामले में नामजद नौ आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। परिजनों की मांग है कि तत्काल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। वहीं पुलिस शीघ्र ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लेने का दावा कर रही है। शुक्रवार देर रात पसगवां कोतवाली क्षेत्र के मकसूदपुर गांव निवासी विमल वर्मा रंगरेजपपुर गांव में खेत की सिंचाई करने गए थे। जहां पड़ोसी गांव के शिकारियों द्वारा हाई टेंशन लाइन से अवैध रूप से बिछाए तार की चपेट में आने से विमल की दर्दनाक मौत हो गई थी।
मामले में पुलिसिया लापरवाही से भड़के ग्रामीणों ने बरवर-जहानीखेड़ा मार्ग पर शव रखकर जाम लगा कर पसगवां पुलिस के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की थी। मौके पर पहुंचे एसडीएम व सीओ द्वारा तत्काल गिरफ्तारी सहित मुआवजे के आश्वासन के बाद ही मृतक का अंतिम संस्कार हो सका था। होली के त्योहार की धूम के बीच घर के इकलौते बेटे की मौत से परिजन बेहाल हैं। मोहल्ले सहित गांव में होली पर भी मातम पसरा है। विवेचक दरोगा नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की संवेदना पीड़ित परिजनों के साथ हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



