विभाग ने की बिजली लाइन के नीचे होलिका दहन न करने की अपील
Lakhimpur-khiri News - लखीमपुर में बिजली विभाग होलिका दहन के लिए हाईटेंशन विद्युत लाइनों के नीचे स्थापित होलिकाओं को हटाने की तैयारी कर रहा है। आयोजकों का कहना है कि उन्होंने एक माह पहले होलिका स्थापित की थी, लेकिन अब विभाग ने चार दिन पहले हटाने का आदेश दिया है। सुरक्षा कारणों से इस निर्णय को लिया गया है।

लखीमपुर, संवाददाता। हाईटेंशन विद्युत लाइनों के नीचे स्थापित होलिकाओं को बिजली विभाग हटवाने की तैयारी में जुट गया है। इसके लिए विभागीय कर्मचारियों को मैदान में उतार दिया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसी होलिकाओं को चिन्हित कर रहे हैं जिनके ऊपर से बिजली के तार गुजर रहे हैं। बिजली विभाग की कार्रवाई पर लोगों का कहना है कि करीब एक माह पहले वसंत पंचमी के दिन परंपरा के अनुसार होलिका स्थापित कर दी गई थी, लेकिन अब होली से महज चार दिन पहले बिजली विभाग की ओर से इन्हें हटाने का फरमान जारी किया गया है, जिससे आयोजक असमंजस में हैं।
अधीक्षण अभियंता विद्युत ब्रह्म पाल ने बताया कि हाईटेंशन लाइन के नीचे होलिका दहन के समय गंभीर हादसे की आशंका बनी रहती है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसी जगहों पर होलिका दहन की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने आयोजकों से अपील की है कि यदि किसी स्थान पर हाईटेंशन लाइन के नीचे होलिका स्थापित है तो उसे स्वयं सुरक्षित स्थान पर हटवा लें। अन्यथा विभाग स्वयं कार्रवाई करते हुए ऐसी होलिकाओं को हटवाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



