Lakhimpur Khiri News: चाकू की नोक पर महिला से सोने का बुंदा लूटा
Lakhimpur Khiri News: ऐली गांव में शनिवार को एक 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बाइक सवार उचक्के ने चाकू दिखाकर नाक का सोने का बुंदा छीन लिया। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की और चाकू से हाथ पर वार कर घायल कर दिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

Lakhimpur Khiri News: थाना क्षेत्र के ऐली गांव में शनिवार दिनदहाड़े बाइक सवार उचक्के ने 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला को चाकू की नोक पर रोककर नाक का सोने का बुंदा छीना। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और चाकू से हाथ पर वार कर घायल कर दिया। ऐली गांव निवासी प्रेमा देवी शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे घर से पूरब नौबना रोड पर शौच के लिए गई थीं। लौटते समय ऐली गांव जाने वाले तिराहे के पास बाइक सवार उचक्के ने उन्हें रोक लिया। उचक्के ने चाकू दिखाकर बुजुर्ग महिला के नाक का बुंदा छीन लिया। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और चाकू से हाथ पर वार कर घायल कर दिया।
इसके बाद उचक्का बाइक से भाग गया। महिला के बेटे करण सिंह यादव ने घटना की सूचना डायल 112 को दी। सूचना पर पहुंची 112 नंबर पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की। बाद में पीड़िता ने थाने पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। घटना की जानकारी पर सीओ शिवम कुमार भी थाने पहुंचे और पीड़िता से घटना के संबंध में जानकारी ली। सीओ शिवम कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। वहीं एसओ दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।


