नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन की मांगी दुआएं

हिन्दुस्तान, लखीमपुरखीरी
Follow us on Google News
share

बकरीद का त्योहार पूरे जिले में परम्परागत रूप से कुर्बानी के जज्बे के साथ मनाया गया। हजारों मुस्लिम भाइयों ने नमाज अदा की और एक-दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी। कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ, और अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए।

नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन की मांगी दुआएं

बकरीद का त्योहार पूरे जिले में परम्परागत रूप से कुर्बानी के जज्बे के साथ मनाया गया। हजारों की संख्या में मुस्लिम भाइयों ने ईदगाहों तथा शहर की विभिन्न मस्जिदों में बकरीद की नमाज अदा की। नमाज के बाद मुल्क की सलामती एवं अमन चैन की दुआएं मांगी गईं। इसके बाद लोग एक दूसरे से गले मिले और बकरीद की मुबारकबाद दी। नमाज के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। लखीमपुर शहर में ईदुल-अज़हा की नमाज़ ईदगाह के अलावा मीनारा मस्जिद, सुनहरी मस्जिद,कचहरी मस्जिद में अपने निर्धारित वक्तों पर अदा की गई। इसी तरह विभिन्न मोहल्लों की मस्जिदों में अलग अलग वक्तों पर बकरीद की नमाज पढ़ी गई। खीरी टाउन में ईद-उल-अज़हा का त्योहार नगर तथा आसपास के क्षेत्रों में कुर्बानी के जज्बे के साथ मनाया गया। इस मौके पर हजारों की तादाद में मुस्लिम भाइयों ने ईदगाह एवं मस्जिदों में बकरीद की विशेष नमाज अदा की। इसके बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। लोगों ने अपना पसंदीदा जानवर अल्लाह की राह में कुर्बान किया। गुरुवार को सुबह से ही लोग नए-नए कपड़ों में ईदगाह की ओर जाते दिखाई दिए। सुबह छह बजे से ही नगर की मस्जिदों में ईद-उल-अज़हा की नमाज का सिलसिला शुरू हो गया। मस्जिदों में वहां के इमामों ने ईद की नमाज पढ़ाई। नगर की प्रसिद्ध ईदगाह में सुबह आठ बजे ईद की नमाज़ अदा की गई.

पलिया में अकीदत और उल्लास के साथ मनाई गई ईद

तहसील क्षेत्र में ईद-उल-अजहा का मुकद्दस त्योहार पलिया नगर सहित तहसील के तमाम कस्बों और ग्रामीण इलाकों में मनाया गया। प्रमुख ईदगाहों, मस्जिदों में हजारों अकीदतमंदों ने नमाज अदा की। पलिया तहसील की मदीना मस्जिद, रज़ा मस्जिद, नूरी मस्जिद, जामा मस्जिद सहित ईदगाहों पर नमाज अदा की गई। इस मौके पर मदीना मस्जिद के मुफ्ती अब्दुल गफ्फार ने जलसे को खिताब करते हुए ईद के इस मुकद्दस त्योहार को आपसी प्यार, खुलूस और मोहब्बत के साथ मनाने की पुरजोर अपील की। उप जिलाधिकारी डॉ. अवनीश कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह परिहार के साथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी अपनी पूरी पुलिस टीम के साथ सुबह से ही मुस्तैद और डटे नजर आए। अधिकारियों और पुलिस के जवानों ने सभी नमाज स्थलों, ईदगाहों और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर सुरक्षा व शांति व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए.

डीएम-एसपी ने किया भ्रमण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ ख्याति गर्ग ने जिला मुख्यालय सहित खीरी टाउन का दौरा किया। डीएम ने मुस्लिम समुदाय को बकरीद की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और लोगों से मिलकर सांप्रदायिक सौहार्द को और मजबूत करने का संदेश दिया। इस दौरान एसडीएम (सदर) अश्विनी कुमार सिंह मौजूद रहे। एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, अमित कुमार राय, सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार तिवारी एवं सभी उप जिलाधिकारी तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहे। पूरे समय डीएम, एसपी अधीनस्थ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से कुशलता की रिपोर्ट लेते रहे.

ईद उल अजहा पर मुल्क की तरक्की की दुआ मांगी गई

मोहम्मदी क्षेत्र में ईद उल अजहा के त्योहार पर ईदगाह में पहुंच कर अकीदत से नमाज को अदा कर मुल्क की तरक्की की दुआ मांगी गई है। गुरुवार को बकरीद के मौके पर बड़ी संख्या में लोगों ने ईदगाह में पहुंचकर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नमाज अदा की है। इस मौके पर जनप्रतिनिधि धौरहरा सांसद आनंद भदौरिया, क्रांति कुमार, डॉ जुबेर खां, जय करन बाजपेई विधानसभा अध्यक्ष सुरेश पाल, डॉ सुरेंद्र सिंह, स्पर्श मेहरोत्रा उर्फ गोलू समेत प्रमुख गणमान्य लोगों ने ईदगाह पहुंचे।

सामान्य प्रश्न

बकरीद का त्योहार कब मनाया गया?
बकरीद का त्योहार गुरुवार को मनाया गया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।