दुधवा में जब सैलानियों के सामने आए दो बाघ, किया शक्ति प्रदर्शन
दुधवा टाइगर रिजर्व में पर्यटकों ने दो बाघों का अद्भुत नजारा देखा। दोनों बाघ एक दूसरे के सामने आकर दहाड़ने लगे और शक्ति प्रदर्शन करते हुए झपट्टा मारने लगे। एक अन्य बाघ पानी के गड्ढे में बैठकर गर्मी से राहत लेता नजर आया। विशेषज्ञों के अनुसार, बाघ पेड़ों पर पंजों के निशान छोड़कर अपने क्षेत्र को चिन्हित करते हैं।

पलियाकलां। दुधवा टाइगर रिजर्व के जंगलों में पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों को रोमांचित करने वाली तस्वीरें सामने आई हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। जंगल सफारी पर निकले पर्यटकों को उस समय एक बेहद अद्भुत और रोंगटे खड़े कर देने वाला नजारा देखने को मिला, जब जंगल के एक हिस्से में दो बाघ निकलकर सामने आ गए और एक दूसरे का आमना-सामना होते ही दहाड़ पड़े। उनकी दहाड़ दूर तक गई। यही नहीं, दोनों ने एक दूसरे के सामने शक्ति प्रदर्शन किया।
बाघों का शक्ति प्रदर्शन
दोनों शक्तिशाली बाघ अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे पर दहाड़ रहे थे और हवा में उछलकर झपट्टा मार रहे थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वहीं एडीजी वाइल्ड लाइफ रमेश पांडे ने एक्स पर इस दौरान की फोटो भी शेयर की है। बाघों के इस आक्रामक अंदाज के साथ ही पर्यटकों को जंगल के दूसरी ओर प्रकृति का एक और दिलचस्प रूप भी देखने को मिला। भीषण गर्मी और आसमान से बरसती आग के बीच एक अन्य बाघ पानी के गड्ढे में बैठकर सर्दी का आनंद लेता नजर आया। पानी में काफी देर तक सुस्ताने के बाद यह बाघ बीच-बीच में उठकर आसपास के पेड़ों को अपने पंजों से खरोंचता हुआ भी दिखाई दिया। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, बाघ इस तरह पेड़ों पर अपने पंजों के निशान और गंध छोड़कर दूसरे बाघों के लिए संदेश देते हैं कि यह इलाका पहले से उनके कब्जे में है, जिसे वन्यजीवों की भाषा में टेरिटरी (क्षेत्र) चिन्हित करना कहा जाता है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


