विकास कार्यों की जांच में मिली अनियमितता, प्रधान को नोटिस

विकास कार्यों की जांच में मिली अनियमितता, प्रधान को नोटिस

संक्षेप:

Lakhimpur-khiri News - पसगवां ब्लॉक की ग्राम पंचायत जमुका में विकास कार्यों की जांच में कई वित्तीय अनियमितताएं पाई गई हैं। डीएम ने प्रधान को नोटिस जारी किया है और चार पूर्व सचिवों को स्पष्टीकरण के लिए नोटिस दिए गए हैं। जांच...

Sep 16, 2025 02:52 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखीमपुरखीरी
share

पसगवां ब्लॉक की ग्राम पंचायत जमुका में विकास कार्यों, हैंडपम्प मरम्मत व रिबोर, स्ट्रीट लाइट में गड़बड़ी की जांच डीएम ने टीम गठित कर कराई। जांच में कई वित्तीय अनियमितताएं मिलने के बाद डीएम ने प्रधान को नोटिस जारी की है। वहीं डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत में तैनात रहे चार पूर्व सचिव व वर्तमान सचिव को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। यह नोटिसें जारी होने से सचिवों में हड़कम्प मचा है। जमुका ग्राम पंचायत की जांच पहले जिला विकास अधिकारी की टीम ने की थी। इसके बाद डीएम ने जांच के लिए जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह, लेखा परीक्षा अधिकारी व सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग की टीम गठित कर जांच का निर्देश दिया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

डीपीआरओ विशाल सिंह ने बताया कि जांच टीम की आख्या मिलने के बाद डीएम ने प्रधान अर्चना को नोटिस जारी की है। जांच में पता चला कि वर्ष 2023-24 में सामुदायिक शौचालय की मरम्मत पर 87 हजार रुपए खर्च किए गए जबकि इसकी पुष्टि नहीं हुई। वहीं प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूल की बाउंड्री वाल मानविहीन मिली। वर्ष 2021-22 से 2022-23 में हैंडपम्प रिबोर व मरम्मत पर 95 हजार व 55 हजार से अधिक रुपए खर्च किए गए जबकि इसके अभिलेख नहीं दिखाए गए। इसके अलावा ग्राम निधि मद में एक लाख 14 हजार से फर्नीचर खरीद खर्च दिखाया गया इसमें टेंडर प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट खरीद सहित अन्य कार्यों में अनियमिताएं मिली हैं। डीपीआरओ ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ग्राम पंचायत में तैनात रहे तत्कालीन सचिव कुलदीप राठौर, सौरभ चौधरी, सर्वेश, कौशल किशोर व वर्तमान सचिव पुष्पेन्द्र वर्मा को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।