बिजुआ के गांव में लगी आग, तीन घर जलकर खाक
लखीमपुर के रामनगर कलां में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के तीन भाइयों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को संभलने का मौका नहीं मिला, लेकिन सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए। अब पीड़ित परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट है, और प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
लखीमपुर। विकास खंड बिजुआ की ग्राम पंचायत रामनगर कलां के मजरा रामपुर में भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सगे भाइयों की पूरी गृहस्थी पलभर में जलकर राख हो गई। भीरा थाना क्षेत्र के इस गांव में आग इतनी तेजी से फैली कि राधेश्याम के तीन बेटो सियाराम, राजकुमार और हंसराम के घरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते अनाज, कपड़े, बिस्तर, चारपाई, बर्तन और कीमती फर्नीचर सहित सारा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि लपटें उठते ही शोर मच गया और घर में सो रहे सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
ग्रामीणों ने भारी मशक्कत की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इस अग्निकांड के बाद तीनों पीड़ित परिवारों के सामने रोजी-रोटी और सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल अजय कुमार गुप्ता ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है ताकि पीड़ितों को जल्द आर्थिक सहायता मिल सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


