Lakhimpur Khiri News: किसान पर मगरमच्छ ने किया हमला, घायल
Lakhimpur Khiri News: बम्हनपुर में एक किसान पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने उसे बचा लिया, लेकिन एंबुलेंस तीन घंटे देरी से आई। घायल किसान सोबरन लाल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इस घटना से क्षेत्र में भय का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।
Lakhimpur Khiri News: बम्हनपुर। खेत में चारा काट रहे एक किसान पर मगरमच्छ ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। ग्रामीणों की तत्परता से किसान की जान तो बच गई, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सूचना के बावजूद एंबुलेंस तीन घंटे की देरी से पहुंची, जिससे घायल तड़पता रहा। मझगई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम दौलतापुर के मजरा नौगवां निवासी सोबरन लाल दोपहर करीब दो बजे गांव के दक्षिण दिशा में स्थित सुतिया नाला के किनारे अपने खेत में पशुओं के लिए चारा काट रहे थे। इसी दौरान नाले से निकले एक विशालकाय मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें खींचने का प्रयास करने लगा।
सोबरन लाल की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के खेतों में काम कर रहे अन्य किसान और साथी तुरंत मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों के जोर पर बमुश्किल सोबरन को मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ाया, तब तक मगरमच्छ उन्हें बुरी तरह लहुलुहान कर चुका था। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि दोपहर दो बजे सूचना देने के बावजूद घंटों इंतजार के बाद शाम करीब पांच बजे एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इस दौरान करीब तीन घंटे तक घायल किसान इलाज के अभाव में मौके पर ही तड़पता रहा। एंबुलेंस के पहुंचने के बाद घायल सोबरन लाल को तुरंत सीएचसी निघासन ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। वहीं, सुतिया नाले के किनारे मगरमच्छ के इस हमले से क्षेत्र के किसानों में दहशत का माहौल है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


