चैती मेले में मारपीट, बाउंसरों ने पीटा
चैती मेले के दौरान महिला बाउंसरों पर अभद्र व्यवहार और मारपीट के आरोप लगे हैं। कई महिलाओं ने झूला झूलने के लिए शुल्क दिया, लेकिन भीड़ के कारण उन्हें झूला नहीं झुलाया गया। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो बाउंसरों ने उनके साथ मारपीट की। घटना से लोगों में रोष और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे।

चैती मेला तीन दिन बढ़ाए जाने के बावजूद नगर पालिका परिषद और प्रशासन की व्यवस्थाएं सवालों के घेरे में हैं। शनिवार को आयोजित जलपरी कार्यक्रम के दौरान तैनात महिला बाउंसरों पर अभद्र व्यवहार और मारपीट के आरोप लगे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान महिला बाउंसरों ने न सिर्फ पुरुषों बल्कि महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई महिलाओं ने खुद को अपमानित महसूस करते हुए नाराजगी जताई। मेला देखने आई कई महिलाओं का आरोप है कि वे झूला झूलने के लिए पहुंची थीं और उनसे शुल्क भी लिया गया, लेकिन भारी भीड़ का हवाला देकर उन्हें झूला नहीं झुलाया गया।
जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। घटना के बाद मेले में मौजूद लोगों में रोष व्याप्त हो गया और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेला बढ़ाए जाने के बावजूद सुरक्षा और प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ा।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


