छोटी काशी कॉरीडोर: काम ठप, पुलिस की कार्रवाई भी सिफर

Feb 16, 2026 11:04 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखीमपुरखीरी
share

Lakhimpur-khiri News - गोला गोकर्णनाथ में छोटी काशी कॉरीडोर के निर्माण कार्य में यूपीपीसीएल के अवर अभियंता के साथ मारपीट के बाद काम ठप हो गया है। घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की। महाशिवरात्रि से पहले के महत्त्वपूर्ण निर्माण कार्य का ठप होना श्रद्धालुओं के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

छोटी काशी कॉरीडोर: काम ठप, पुलिस की कार्रवाई भी सिफर
गोला गोकर्णनाथ, संवाददाता। छोटी काशी कॉरीडोर में यूपीपीसीएल के अवर अभियंता के साथ कथित दबंगई और मारपीट की घटना के बाद निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। घटना को तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उधर कॉरीडोर परिसर में सोमवार को सन्नाटा छाया रहा। यहां न तो कार्यदायी संस्था के जेई नजर आए और न ही ठेकेदार। कुछ मजदूर पहुंचे भी थे, जो पत्थर लगाने के काम में जुट गए। बाकी सब जैसे का तैसा पड़ा रहा।

बताया जाता है कि शुक्रवार रात निर्माण कार्य के दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि मौके पर मौजूद कुछ दबंगों ने अवर अभियंता नितिन सिंह के साथ मारपीट की। घटना के बाद भयभीत अभियंता गोला छोड़कर सीतापुर चले गए। बताया जाता है कि जेई इस कदर खौफजदा थे कि उन्होंने स्वयं कोतवाली पहुंचने के बजाय एक अधिकृत अधिवक्ता के माध्यम से पुलिस को तहरीर भिजवाई। पर तीन दिन बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।

घटना के बाद से कॉरीडोर का काम पड़ा ठप

मारपीट की घटना के बाद से कॉरीडोर का निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है। सोमवार को भी निर्माण स्थल पर सन्नाटा पसरा रहा न तो अभियंता दिखे, न ठेकेदार और न ही कर्मचारी। कॉरीडोर स्थल पर कुछ मजदूरन जरूर मिले। उन्होंने बताया कि छह दिन पहले उनको पत्थर लगाने का काम दिया गया था, जिसे वह पूरा कर रहे हैं। शनिवार से यहां कोई नया काम नहीं शुरू हुआ है। महाशिवरात्रि से पहले मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत एवं पुलिस महानिरीक्षक ने भी डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, नवागत एसपी डॉ ख्याति गर्ग के साथ पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला की मौजूदगी में कॉरीडोर स्थल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा था कि सावन माह में लगभग एक माह कार्य बंद रहने के कारण निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करना संभव नहीं हो सका। उन्होंने जून माह तक निर्माण कार्य हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए थे, ताकि आगामी सावन में श्रद्धालुओं को कॉरीडोर में पूजा-अर्चना का अवसर मिल सके।

तीर्थ परिसर से हटाए गए पालिका कर्मचारी

-काम रुकने के बाद तीर्थ परिसर के क्षेत्र में कीचड़ आदि की शिकायत श्रद्धालुओं ने की। लोगों ने बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर तो नगर पालिका ने भी काम किया। लेकिन उसके एक दिन पहले नगर पालिका अध्यक्ष की होर्डिंग फाड़े जाने कीर घटना के बाद नगर पालिका के कर्मचारी भी उदासीन हो गए। शिवरात्रि के बाद नगर पालिका ने कॉरीडोर क्षेत्र से कर्मचारी हटाकर शहर में लगा दिए। हालांकि नगर पालिका का दावा है कि सफाई कर्मचारियों को रात से ही शहर क्षेत्र की साफ-सफाई के लिए लगा दिया गया था। वजह थी कि शिवरात्रि पर भंडारा और अन्य कार्यक्रमों की वजह से सफाई की जरूरत थी।

22 कसे छोटी काशी उत्सव की तैयारी

22 फरवरी को गोला में छोटी काशी शिव उत्सव का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें सुबह शिव पालकी यात्रा निकाली जानी है और नगर के प्रत्येक घर में दीप प्रज्वलित किए जाने की तैयारी चल रही है। ऐसे में कॉरीडोर निर्माण कार्य का ठप होना व्यवस्थाओं की दृष्टि से भी चिंता का विषय बन गया है, क्योंकि यह परियोजना धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।