
बाढ़ से निपटने की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त ने की समीक्षा, दिए निर्देश
Lakhimpur-khiri News - कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब ने बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि बाढ़ से पहले सभी व्यवस्थाएं स्पष्ट होनी चाहिए और गांवों में जागरूकता अभियान चलाया जाए। नदी की सफाई...
संभावित आपदा से निपटने की तैयारियों को लेकर रविवार को कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब ने बाढ़ प्रबंधन को लेकर विभागीय अधिकारियों संग गहन समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक का संचालन डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने किया। आयुक्त ने विभागवार तैयारियों का बिंदुवार रिव्यू किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ से पहले सभी व्यवस्थाएं धरातल पर दिखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही एंटीवेनम दवाओं की उपलब्धता, राहत चौकियों की सक्रियता, और चिकित्सा सहायता की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी को अलर्ट मोड पर रहने को कहा।

समीक्षा बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता (बाढ़ खंड) अजय कुमार ने बताया कि सुहेली नदी की सफाई से नदी पुनर्जीवित हो गई है। उन्होंने बताया कि जोहरा नाले को बंद किए जाने के बाद लठौउवा से ढखेरवा तक ग्रामीणों को 25 किलोमीटर की दूरी कम तय करनी पड़ रही है, जिससे आवागमन सरल हो गया है। नदी की खुदाई के बाद 1.5 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि प्राप्त हुई, जिस पर वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया है। अधिशासी अभियंता (बाढ़ खंड) अजय कुमार ने बताया कि शारदा नदी में 1.31 लाख क्यूसेक डिस्चार्ज के बावजूद नदी खतरे के निशान से 32 सेंटीमीटर नीचे बह रही है, जबकि पिछले वर्ष इतनी ही मात्रा में पानी आने पर नदी 20 सेंटीमीटर ऊपर बह रही थी। बैठक में एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने जानकारी दी कि बाढ़ राहत से जुड़ी सभी टेंडर प्रक्रियाएं पूर्ण कर ली गई हैं और आवश्यक सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित है। समीक्षा बैठक में सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, पीडी डीआरडीए एसएन चौरसिया, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड डॉ. अजय कुमार, ईई सिंचाई प्रथम राम बहादुर, एसडीएम अश्विनी कुमार सिंह, रत्नाकर मिश्रा, राजीव कुमार निगम, शशिकांत मणि, डीपीआरओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




