सावधान! खीरी में गश्त पर है बाघिन
बफर जोन की वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों से कहा है कि वे खेतों की ओर अकेले कतई मत जाएं। बाघिन कभी भी निकलकर सामने आ सकती...
भीरा और किशनपुर सेंच्युरी के इलाके में एक बाघिन अपने दो शावकों के साथ गश्त पर है। एक दिन पहले गन्ने के खेतों में बाघिन ने अपने शावकों को शिकार की ट्रेनिंग दी। बकरियां उसका आसान शिकार बन गईं। बाघिन ने 5 बकरियों का मौके पर सपरिवार नाश्ता किया। 3 बकरियों को शावक अपने जबड़े में दबाकर ले उड़े। यह सब सीन जिसने देखा, उसी की हालत खराब है। बफर जोन की वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों से कहा है कि वे खेतों की ओर अकेले कतई मत जाएं। बाघिन कभी भी निकलकर सामने आ सकती है।
किशनपुर सेंच्युरी के इलाके से सटे कई गांव और बस्तियां हैं। यहां के लोग जंगल के बीच से निकलते हैं। इसके सिवा दूसरा रास्ता इन लोगों के पास नहीं है। बताते हैं कि टाइगर रिजर्व से सटे जंगल के पास कटैया गांव है। इस गांव के लोग खेतों में बकरियां चराने गए थे। वहां उन्होंने बाघिन को अपने दो शावकों के साथ गश्त करते देखा है। किशनपुर का जंगल बाघों के लिए बहुत संजीदा है। यहां एक साल में 300 बार टाइगर दिखायी दिये हैं। अब पार्क बन्द होने से टाइगर बारिश के मौसम में बाहर भटक रहे हैं।