पंचायत के बाद भी नहीं बनी बात, बैरंग लौटी बारात
हैदराबाद क्षेत्र में एक शादी समारोह विवाद में बदल गया जब लड़की पक्ष ने दूल्हे पर चरित्र के आरोप लगाए। पुलिस के हस्तक्षेप और पंचायत के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला। दूल्हा दिल्ली में भवन निर्माण कार्य करता है। लड़की पक्ष ने दूल्हे के अनुचित संबंधों का आरोप लगाया, जिससे विवाद बढ़ा।

थाना हैदराबाद क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब दूल्हे के चरित्र पर आरोप लगाते हुए लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों को लेकर पुलिस तक पहुंचा लेकिन पंचायत के बाद भी कोई समाधान नहीं निकल सका। ग्राम केशवापुर स्थित एक मैरिज लॉन में शादी समारोह था। लड़की पक्ष गोला देहात क्षेत्र के एक गांव से आई थी। जबकि बारात पसगवां क्षेत्र के गांव से पहुंची थी। बताया जा रहा है कि दूल्हा दिल्ली में रहकर भवन निर्माण कार्य करता है। इसी दौरान शादी में शामिल होने आए बुलंदशहर निवासी एक युवक के साथ आई महिला को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
लड़की पक्ष ने आरोप लगाया कि उक्त महिला के साथ दूल्हे के अनुचित संबंध हैं। इस आरोप के बाद माहौल गरमा गया और दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मामला पुलिस तक पहुंचा जहां दोनों पक्षों के बीच पंचायत कराई गई। हालांकि काफी प्रयासों के बावजूद लड़की पक्ष शादी के लिए तैयार नहीं हुआ। वहीं दूल्हे ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए शादी करने की इच्छा जताई। इस संबंध में थाना प्रभारी सुनील मलिक ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया लेकिन लड़की पक्ष ने शादी से साफ इनकार कर दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


