
खेल प्रतियोगिताओं में बाल खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
Lakhimpur-khiri News - बीबीएलसी इण्टर कालेज खमरिया में ब्लॉक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। विधायक विनोद शंकर अवस्थी के मुख्य आतिथ्य में विभिन्न खेलों में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
बीबीएलसी इण्टर कालेज खमरिया में आयोजित ब्लॉक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सम्पन्न हुए। ईसानगर के ब्लॉक प्रमुख आलोक कटियार व बीईओ ईसानगर आख़िलानन्द राय ने प्रतियोगिताओं का शुभारंभ कराया। उच्च प्राथमिक विद्यालय महरिया और ऐरा की छात्राओं ने मुख्य अतिथि विधायक विनोद शंकर अवस्थी की मौजूदगी में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर पुरस्कार जीते। बीईओ अखिलानन्द राय की अध्यक्षता में आयोजित ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में न्याय पंचायत स्तर के चैम्पियन खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिसमें 100 मीटर की फर्राटा दौड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। फर्राटा दौड़ में बालकों की इस स्पर्धा में जोरदार प्रदर्शन करते हुए त्रिकोलिया के मोहम्मद जैद ने रेस अपने नाम की।
इस प्रतियोगिता में भैंसहिया के दुर्गेश दूसरे स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग के बालकों की 200 मीटर रेस में जेठरा के शोभित कुमार चैंपियन बने। जबकि जेठरा के ही मंजीत दूसरे स्थान पर रहे। बालिकाओं की इस स्पर्धा में जेठरा की रुबीना पहले और जसवंतनगर की नगमा दूसरे स्थान पर रहीं। प्राथमिक वर्ग की बालिकाओं की 100 मीटर फर्राटा दौड़ में चिकवन पुरवा की आलिया ने सबसे शानदार समय निकाला। इस स्पर्धा में जवन्तनगर की पायल दूसरे स्थान पर रहीं। प्राथमिक वर्ग के बालकों की 50 मीटर रेस में मोहम्मदापुर के सचिन ने बाकी प्रतिभागियों को पछाड़कर बाजी मारी। बालकों और बालिकाओं की ऊंची कूद प्रतियोगिता में लाखुन का दबदबा रहा। बालकों के वर्ग में निखिल प्रथम और अदीब दूसरे स्थान पर रहे। जबकि बालिकाओं की ऊंची कूद स्पर्धा में लाखुन की पायल पहले और सोनाक्षी मिश्रा दूसरे स्थान पर रहीं। बालकों की लम्बी कूद प्रतियोगिता में संडौरा कलां के मानस तिवारी ने प्रथम और लाखुन के निखिल ने द्वितीय स्थान हासिल किए। समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक विनोद शंकर अवस्थी व बीईओ अखिलानन्द राय ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।खेलकूद प्रतियोगिताओं के दौरान लालता प्रसाद वाजपेयी,राजेश यादव, दुर्गेशचंद्र श्रीवास्तव,रमेश चन्द्र नागर, आशीष मिश्रा,ज्ञान प्रकाश आकुल,नाजिम खान, विनय वर्मा,शालिनी श्रीवास्तव, नूरसबा अंसारी,अम्बिता वर्मा,रश्मि जायसवाल,मनोज मिश्रा, तीर्थमणि त्रिपाठी,आदि ने सक्रिय सहयोग किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




