सरकारी क्रय केन्द्रों पर बैनर लगे, धान आने का इंतजार
सरकारी धान खरीद की शुरुआत मंगलवार से जिले में हो गई। धान खरीदने के लिए 115 क्रय केन्द्र बनाए गए हैं। हालांकि पहले दिन किसी भी क्रय केन्द्र पर धान नही पहुंचा। बैनर लगाकर कांटा, बांट व बारदाना लिए क्रय...
सरकारी धान खरीद की शुरुआत मंगलवार से जिले में हो गई। धान खरीदने के लिए 115 क्रय केन्द्र बनाए गए हैं। हालांकि पहले दिन किसी भी क्रय केन्द्र पर धान नही पहुंचा। बैनर लगाकर कांटा, बांट व बारदाना लिए क्रय केन्द्र प्रभारी इंतजार करते रहे। हालांकि शहरी क्षेत्र में क्रय केन्द्र तो खुल गए हैं लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में अभी बैनर तक नहीं लग पाए हैं। डिप्टी आरएमओ लालमणि पाण्डेय ने मंगलवार को मंडी समिति के क्रय केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि क्रय केन्द्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया है।
सरकारी धान की खरीद एक अक्तूबर से शुरू हो गई है। मंगलवार को शहर की राजापुर मंडी में खोले गए क्रय केन्द्रों पर बैनर लगे दिखे वहीं कांटा, बांट व बारदाना भी रखा मिला। हालांकि किसी भी क्रय केन्द्र पर पहले दिन एक दाना भी धान की खरीद नहीं हो सकी। कारण है कि किसान अभी धान लेकर नहीं आ रहे हैं। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि क्रय केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि मंडी के क्रय केन्द्रों पर कुछ कमियों मिली थी, जिन्हें पूरा करने को कहा गया है। अभी किसान धान लेकर नहीं आ रहे हैं। जिले में धान तैयार होने में अभी कुछ समय लगेगा इसके बाद ही खरीद तेज हो सकेगी।
उधर ग्रामीण क्षेत्रों में अभी क्रय केन्द्र खुल ही नहीं सके हैं। डिप्टी आरएमओ लालमणि पाण्डेय ने बताया कि सभी क्रय केन्द्रों का निरीक्षण कराया जा रहा है। जहां केन्द्र खुला न मिला वहां के प्रभारी व खरीद एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंनें बताया कि धान में अभी 23 से 26 प्रतिशत तक नमी है। कामन धान का समर्थन मूल्य 1815 रुपए व ए ग्रेड का रेट 1835 रुपए प्रति क्विंटल है।