छात्र-छात्राओं को निशुल्क शैक्षणिक सामग्री वितरित की
Lakhimpur-khiri News - लखीमपुर में बैंक ऑफ इंडिया ने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मोतीपुर प्राथमिक विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया। बैंक अधिकारियों ने छात्रों को नि:शुल्क शैक्षणिक सामग्री दी और शिक्षा के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने बच्चों को मेहनत और लगन से उज्ज्वल भविष्य बनाने की प्रेरणा दी। इस पहल की शिक्षकों ने सराहना की।

लखीमपुर। बैंक ऑफ इंडिया की ओर से शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन हुआ। विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय मोतीपुर में बैंक अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क शैक्षणिक सामग्री वितरित की। कार्यक्रम के दौरान बैंक प्रबंधक अंशुल शुक्ला और अवनीश अवस्थी ने बच्चों से बातचीत की और उन्हें शिक्षा का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से ही उज्ज्वल भविष्य बनाया जा सकता है। इसके बाद अधिकारियों ने अपने हाथों से बच्चों को कॉपी, पेन और अन्य जरूरी सामग्री दी, जिसे पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस मौके पर अंशुल शुक्ला ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी शिक्षा में योगदान देना सभी की जिम्मेदारी है।
वहीं अवनीश अवस्थी ने कहा कि ऐसे प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के शिक्षकों ने बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सहयोग से बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। इस दौरान स्कूल स्टाफ, छात्र-छात्राएं और बैंक के कर्मचारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


