आडिट आपत्ति में ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित
Lakhimpur-khiri News - ग्राम पंचायत के आडिट में 31.83 लाख रुपये की आपत्तियों को निस्तारित न करने पर एक और ग्राम पंचायत अधिकारी, सचिव नरेंद्र यादव, को निलंबित किया गया है। फूलबेहड़ ब्लाक की पांच ग्राम पंचायतों में आडिट आपत्तियां दर्ज की गई थीं। सहायक विकास अधिकारी को जांच अधिकारी नामित किया गया है।

ग्राम पंचायत के आडिट में 31.83 लाख की आपत्तियां निस्तारित न कराने पर एक और ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। फूलबेहड़ ब्लाक की पांच ग्राम पंचायतों में आडिट आपत्तियां दर्ज कराई गई थी। कई बार अभिलेखे मांगे गए लेकिन अभिलेख न देने पर सचिव नरेन्द्र यादव पर कार्रवाई की गई है। सहायक विकास अधिकारी बांकेगंज को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि फूलबेहड़ ब्लाक की ग्राम पंचायत इब्राहिमपुर में 3.26 लाख, राजापुर में 10.38 लाख, तेंदुआ में 10.19 लाख, अंजनापुर में 2.24 लाख, लौकिहा में 5.74 लाख रुपये की आडिट आपत्तियां दर्ज कराई गईं।
आडिट टीम ने पंचायत सचिव नरेंद्र यादव से खर्च की गई धनराशि से संबंधित अभिलेखों को प्रस्तुत करने को कहा। कई बार निर्देश के बावजूद अभिलेख नहीं दिए। डीपीआरओ का कहना है कि अभिलेख प्रस्तुत न करने से आडिट आपत्ति निस्तारित नहीं हो पा रही है। ग्राम पंचायतों के अभिलेखों का ठीक से रखरखाव न करने, उच्चधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने, अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पर सचिव को निलंबित किया गया है। डीपीआरओ ने बताया कि बांकेगंज के सहायक विकास अधिकारी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। साथ ही 15 दिन के अन्दर साक्ष्य सहित आरोप पत्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


