
गांवों में चार एकड़ से तैयार होंगे खेल के मैदान
Lakhimpur-khiri News - कुंभी सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई, जिसमें विधायक अमन गिरी ने सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। सामूहिक विवाह योजना, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, और खेल के मैदानों के विकास पर चर्चा हुई। ग्राम कोटनाथ के लिए 80 लाख रुपए का सामूहिक भवन निर्माण और 50 लाख रुपए की सड़क निर्माण की स्वीकृति दी गई।
कुंभी सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अमन गिरी ने योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में आए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी विस्तार से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी बताया गया कि पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ किस प्रकार प्राप्त हो सकता है। बैठक में जिन प्रमुख योजनाओं पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया, उनमे सामूहिक विवाह योजना 60,000 रुपए की आर्थिक सहायता के साथ 25,000 रुपए मूल्य की सामग्री दिए जाने,वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन एवं सुकन्या योजना के लाभ व पात्रता की जानकारी,महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित कार्यों की जानकारी, ग्राम पंचायतों में 3 से 4 एकड़ भूमि पर बच्चों के खेल के मैदान विकसित करने की दिशा में पहल करने की बात कही गई।
बैठक में यह भी बताया गया कि समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण तथा विधायक अमन गिरी के प्रयासों से कुंभी क्षेत्र में ग्राम कोटनाथ के लिए सामूहिक भवन निर्माण को 80 लाख रुपए तथा सड़क निर्माण के लिए 50 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख विमल वर्मा, विधानसभा संयोजक अवधेश मिश्रा, खंड विकास अधिकारी एपी रस्तोगी, जिला पंचायत सदस्य तोहिद खान, जिला पंचायत सदस्य आलमी, गोला देहात प्रधान राजेश गिरी, पटेल अशोक कन्नौजिया और तमाम प्रधानगण एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




