चौपाल लगाकर दिया संदेश, सहें सतर्क
Lakhimpur-khiri News - दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में तेंदुओं की बढ़ती सक्रियता के चलते वन विभाग ने ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। बेलरायां रेंज के कई गांवों में तेंदुओं की मौजूदगी और हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। ग्रामीणों को चौपाल के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है और तेंदुओं से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।
दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में तेंदुओं की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। हाल के दिनों में बेलरायां रेंज के कई गांवों में तेंदुओं की मौजूदगी और हमलों की घटनाएं सामने आने के बाद विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। वन विभाग की टीमें गांव-गांव पहुंचकर चौपाल के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही हैं। प्रधानों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ग्रामीणों को तेंदुओं से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। विभाग ने साफ तौर पर कहा है कि रात के समय घरों के बाहर सोने से बचें और दरवाजे बंद रखें।
ग्राम सभा मोतीपुर, ग्राम सभा पचपेड़ा, ग्राम सभा शीतलापुर व अन्य गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि वे प्रातः खेतों में जाते समय और सायं लौटते समय विशेष सतर्कता बरतें। संभव हो तो समूह में जाएं और रास्ते में आवाज करते रहें, ताकि वन्यजीव नजदीक न आएं। बच्चों को किसी भी स्थिति में अकेले खेतों या वन क्षेत्र की ओर न भेजें। वन विभाग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि वन क्षेत्र से सटे खेतों में कटाई से पहले हांका अवश्य लगाएं और सुबह-शाम के समय इन क्षेत्रों में काम करने से बचें। खेतों में फसल की रखवाली के दौरान मचान पर रुकें और टॉर्च या अन्य रोशनी का प्रयोग करें। रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया है गांव में चौपाल लगाकर सभी को जागरूक किया जा रहा है। थोड़ी सी सावधानी से किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सकता है, इसलिए सभी ग्रामीण सतर्क रहें और जारी निर्देशों का पालन करें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


