ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखीमपुरखीरी‘छेड़छाड़ से आजिज हाथी बदलेंगे अपना घर

‘छेड़छाड़ से आजिज हाथी बदलेंगे अपना घर

दुधवा नेशनल पार्क के सलूकापुर कैंप के हाथियों को अब ‘छेड़छाड़ का डर सताने लगा है। उनके कैंप के पास जंगली हाथियों ने डेरा डाल दिया है। वे पालतू मादा हाथियों को तंग कर रहे हैं। इससे आजिज पार्क प्रशासन...

‘छेड़छाड़ से आजिज हाथी बदलेंगे अपना घर
हिन्दुस्तान टीम,लखीमपुरखीरीWed, 26 Dec 2018 12:45 AM
ऐप पर पढ़ें

दुधवा नेशनल पार्क के सलूकापुर कैंप के हाथियों को अब ‘छेड़छाड़ का डर सताने लगा है। उनके कैंप के पास जंगली हाथियों ने डेरा डाल दिया है। वे पालतू मादा हाथियों को तंग कर रहे हैं। इससे आजिज पार्क प्रशासन अब सलूकापुर कैंप के हाथियों का ठिकाना बदलने जा रहा है। दुधवा नेशनल पार्क में हाथियों के तीन ठिकाने हैं। एक सलूकापुर, दूसरा दुधवा बेस कैंप और तीसरा ठिकाना भीरा का एलीफैंट कैंप है। सलूकापुर में हाथी पेट्रोलिंग, पर्यटन में लगाए गए हैं। यहां कई प्रशिक्षित मादा हाथी हैं, जिनको अक्सर विशेष अभियानों में लगाया जाता है। यहां अब तक सब ठीक चल रहा था, लेकिन अचानक माहौल बदल गया है।

पार्क के अधिकारियों का कहना है कि सलूकापुर कैंप के पास जंगली हाथी आ गए हैं। वे यहां डेरा डाल चुके हैं। यह हाथियों के ‘प्रणय का मौसम है। ऐसे में जंगली हाथियों का रुख सलूकापुर कैंप की हथिनियों की ओर बढ़ रहा है। पार्क प्रशासन इसे लेकर खासा टेंशन में है। वजह है कि अगर कैंप की हथिनी जंगली हाथियों से घुलमिल जाती हैं तो पर्यटन सत्र को झटका लग जाएगा। इससे पर्यटन बुरी तरह प्रभावित हो जाएगा। ऐसे में अब इन हथिनियों को बचाने के लिए उनके ठिकाने में बदलाव किया जाएगा। दुधवा पार्क के निदेशक रमेश कुमार पांडे का कहना है कि यह हाथियों का मेटिंग सीजन है। इसमें हाथी अक्सर मस्त की स्थिति में आ जाते हैं। फिर उनको काबू करना आसान नहीं होता। इसलिए अब इनको सलूकापुर की जगह दुधवा बेस कैंप में रखने पर विचार चल रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें