लखीमपुर हादसे पर पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने जताया दुख, पीड़ित परिवारों को दो-दो लाख मुआवजे का ऐलान
लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र में एनएच-730 पर सोमवार सुबह एक ट्रक और डग्गामार मैजिक की भिड़ंत में 10 लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। इस भीषण हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी और सीएम योगी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। पीएमओ ने मुआवजे का ऐलान किया है।

लखीमपुर में एनएच 730 पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दस लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा ईसानगर थाना क्षेत्र के सिसैया ऊंचगांव के पास उस समय हुआ, जब सवारियों से भरी एक डग्गामार मैजिक और ट्रक में आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे पर दुख जताया है। पीएम मोदी की तरफ से मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया गया है। इससे पहले सीएम योगी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को कई निर्देश दिए थे।
पीएम मोदी की तरफ से पीएमओ के हैंडल पर लिखा गया कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई दुर्घटना के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ है। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि (मुआवजा) दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
राष्ट्रपति ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
आमने-सामने हुई ट्रक और मैजिक में टक्कर
बताया जाता है कि मैजिक वाहन करीब 12 सवारियों को लेकर लखीमपुर से ईसानगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के मुताबिक, पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायलों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। दोनों को जिला। अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मरने वाले दस में से 9 की शिनाख्त हो गई है। बहराइच जिले के 6, खीरी के 2 और 1 सीतापुर की महिला है।
इन लोगों की हुई मौत
-जयवीर सिंह पुत्र पेशकार सिंह उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी मंगोडिया थाना मोतीपुर जिला बहराइच
-पवन पुत्र संतोष उम्र करीब 23 वर्ष, निवासी रामबचन पुरवा थाना मूर्तिहा जिला बहराइच
-सोहन पुत्र सत्रोहन उम्र करीब 21 वर्ष, निवासी रामबचन पुरवा थाना मूर्तिहा जनपद बहराइच
- राजेश गोयल पुत्र मणिलाल गोयल उम्र करीब 42 वर्ष, निवासी मिहीपुरवा थाना मोतीपुर जनपद बहराइच
- सहज राम पुत्र छोटे उम्र करीब 35 वर्ष, निवासी ककरहा थाना मूर्तियां जनपद बहराइच
- पप्पू पुत्र दुलन गौतम उम्र करीब 18 वर्ष, निवासी देवता पुर थाना खैरी घाट जनपद बहराइच
-अदनान खान पुत्र वकील अहमद उम्र करीब 15 वर्ष, निवासी रामापुर थाना कोतवाली सदर खीरी
-जुलेखा 45 पत्नी हबीब निवासी पलटू पुरवा धौरहरा खीरी
- गायत्री वैश्य 44 पत्नी रमेश चन्द्र विजय लक्ष्मी नगर शहर सीतापुर
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


