डिवाइडर पर सो रहा मजदूर जिंदा ही मिट्टी में दफन, फोरलेन निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा

लाइव हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान संवाद, भटहट (गोरखपुर)
Follow us on Google News
share

गोरखपुर में फोरलेन सड़क निर्माण में लगी डंपर ने डिवाइडर पर सो रहे मजदूर को जिंदा ही दफन कर दिया। बिना देखे मजदूर पर मिट्टी गिरा दी। इससे उसकी मौत हो गई। सुबह लोगों ने मजदूर का पैर मिट्टी के बाहर देखा तो घटना की जानकारी हुई।

डिवाइडर पर सो रहा मजदूर जिंदा ही मिट्टी में दफन, फोरलेन निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा

गोरखपुर में भटहट-बांसस्थान निर्माणाधीन फोरलेन सड़क पर दर्दनाक हादसा हुआ है। दलाल चौराहे के पास बुधवार की देर रात डिवाइडर पर सो रहे मजदूर पर डंपर चालक ने मिट्टी गिरा दी। इससे जिंदा ही मिट्टी के नीचे वह दफन हो गया और उसकी मौत हो गई। सुबह मिट्टी के बाहर मजदूर का पैर दिखाई देने पर लोगों को हादसे की जानकारी हुई। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

इन दिनों निर्माणाधीन सड़क के डिवाइडर पर मिट्टी डालने और उसे समतल करने का कार्य चल रहा था। गुरुवार को दिन में करीब 11 बजे जेसीबी से मिट्टी बराबर करते समय मजदूरों को मिट्टी के बीच से एक पैर दिखाई दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी को हटवाया तो उसमें दबा एक शव मिला। मृतक की पहचान देवरिया जिले के रामपुर कारखाना क्षेत्र के सिधुआ गांव निवासी मिंटू पुत्र जनार्दन के रूप में हुई।

मजदूर की ससुराल गुलरिहा क्षेत्र के तरकुलहा गांव में है। कुछ देर बाद मृतक की पत्नी नीता देवी दो बच्चों के साथ मौके पर पहुंची। उसने बताया कि मिंटू पांच वर्षों से तरकुलहा में रहकर मजदूरी करता था। दस दिन से वह जंगल कौड़िया में सड़क निर्माण कार्य में गिट्टी फैलाने का काम कर रहा था। वहां से पांच किमी दूर शव मिला है।

सीसीटीवी की जांच में सामने आया कि डिवाइडर पर सो रहे मजदूर को डंपर चालक ने मिट्टी डाल दिया। जिससे उसके नीचे दबाकर उसकी जान चली गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आरोपी डंपर चालक रंजू राजभर पुत्र हीरा राजभर निवासी एकौना, थाना मोहम्मदाबाद, जनपद मऊ को गिरफ्तार कर लिया। मृतक के पास मिले झोले में रोटी, सब्जी, शराब का एक पाउच, हरी मिर्च, चिलम, मोबाइल चार्जर और शॉल बरामद हुई है। चौकी प्रभारी मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में पता चला कि वह मजदूरी करता था।

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि तीन जून की रात में मजदूर निर्माणाधीन डिवाइडर पर ही सो गया था। रात में मिट्टी लेकर पहुंचे वाहन संख्या यूपी-32 आरएन-4276 के चालक ने बिना पर्याप्त सावधानी बरते ही डिवाइडर पर मिट्टी डाल दी। मिट्टी के नीचे दबने से मिंटू की मौके पर ही मौत हो गई,दिन में जब मजदूर मिट्टी बराबर कर रहे थे तब उसकी मौत की जानकारी हुई। चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अखिलेश यादव ने किया ट्वीट

हादसे को दर्दनाक बताते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट लिखी है। अखिलेश ने लिखा कि अच्छा नहीं है, संवेदनाओं का मर जाना, बेरहम मिट्टी में इंसानियत का दब जाना।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।