मजदूर की बेटी से आयकर विभाग ने मांगा 20 करोड़ का हिसाब, नोटिस देखते ही परिवार के उड़े होश
उन्नाव में एक मजदूर परिवार की बीए छात्रा को आयकर विभाग से 20.98 करोड़ रुपये की कथित अघोषित आय का समन मिलने से हड़कंप मच गया। जांच में सामने आया कि उसके आधार और पैन कार्ड का कथित तौर पर दुरुपयोग कर दिल्ली में फर्जी फर्म संचालित की गई थी।

यूपी के उन्नाव से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां, एक मजदूर परिवार की बीए छात्रा को आयकर विभाग से 20.98 करोड़ रुपये की कथित अघोषित आय का समन मिलने से हड़कंप मच गया। जांच में सामने आया कि उसके आधार और पैन कार्ड का कथित तौर पर दुरुपयोग कर दिल्ली में फर्जी फर्म संचालित की गई थी। अब छात्रा ने आयकर विभाग को जवाब देने के साथ पुलिस और संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।
जिले के गिरिजाबाग मोहल्ला निवासी मजदूर की बेटी को आयकर विभाग से नोटिस मिला है। आयकर विभाग ने उससे अरबों के कारोबार का लेखा-जोखा मांगा है। रश्मि ने बताया कि 30 अप्रैल को आयकर विभाग चंडीगढ़ से मेरे नाम आयकर अधिनियम की धारा 131(1A) के तहत एक समन जारी किया गया है। यह समन आम तौर पर तब भेजा जाता है, जब जांच एजेंसी को आय छिपाने या अनियमितताओं की आशंका होती है। नोटिस में रश्मि को पांच मई तक अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया था। परिजनों का कहना है कि उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। घर का खर्च मजदूरी के सहारे चलता है। ऐसे में करोड़ों रुपये की आय और व्यापार का आरोप परेशान करने वाला है।
रश्मि ने कानूनी प्रक्रिया के तहत आयकर विभाग को जवाब भेज दिया है। साथ ही उसने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर पैन कार्ड और आधार कार्ड के दुरुपयोग की आशंका जताई है। इसके अलावा एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कहा है कि धोखाधड़ी में शामिल लोगों पर केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। मामले की जानकारी आयकर विभाग चंडीगढ़ को उपलब्ध करा दी जाए।
पांच माह फर्म चली और बंद कर दी गई
मजदूर अजय शंकर की बेटी रश्मि सविता बीए की छात्रा है। रश्मि ने बताया कि नोटिस मिलने के बाद एक विभाग से दूसरे विभाग तक चक्कर लगाकर लगाए, तब पता चला कि उसके आधार और पैनकार्ड का प्रयोग कर फर्जीवाड़ा करते हुए दिल्ली में संतनगर बुराड़ी के पास आरएस इंटरप्राइजेज फर्म खोली गई थी। 15 जनवरी 2025 को खोली गई फर्म नौ मई 2025 को बंद कर दी गई थी। पांच माह तक उसके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जीवाड़ा किया गया।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

