Hindi NewsUttar-pradesh NewsKushinagar NewsVoter List Cleanup for Upcoming Panchayat Elections in Padrauna
5 लाख 11 हजार 390 मतदाताओं के डुप्लिकेट होने का संदेह

5 लाख 11 हजार 390 मतदाताओं के डुप्लिकेट होने का संदेह

संक्षेप: Kushinagar News - पडरौना, निज संवाददाता। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच निर्वाचन विभाग

Thu, 13 Nov 2025 01:30 AMNewswrap हिन्दुस्तान, कुशीनगर
share Share
Follow Us on

पडरौना, निज संवाददाता। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची को शुद्ध करने की बड़ी कवायद शुरू कर दी है। जिले में करीब 5 लाख 11 हजार 390 मतदाताओं के नाम एक गांव में दो या अधिक स्थानों पर दर्ज होने का संदेह है। सही मतदाता की पहचान सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष सर्वे अभियान शुरू हुआ है, जिसमें दो स्थानों पर नाम वाले मतदाता की आधार के अंतिम चार अंकों से तस्दीक की जा रही है। सूची में दर्ज गलत नाम को हटाया जा रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे अभियान में आयोग द्वारा तैयार विशेष सॉफ्टवेयर की मदद ली जा रही है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सॉफ्टवेयर के जरिये जिन मतदाताओं के नाम दो स्थानों पर मैच हो रहे हैं, उन्हें अलग किया जा रहा है। इसके बाद संबंधित ब्लॉकों के कर्मचारी व बीएलओ गांव-गांव जाकर उनकी भौतिक पुष्टि कर रहे हैं। इस प्रक्रिया के तहत जिन मतदाताओं का नाम दो जगह पाया जा रहा है, उनका आधार से तस्दी़क कर केवल एक नाम ही रखा जा रहा है, ताकि मतदाता सूची त्रुटिरहित बने। जांच में अब तक डुप्लिकेट होने का संदेह में सबसे अधिक संख्या पडरौना ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायतों में सामने आया है, जबकि कसया ब्लॉक में सबसे कम ऐसी प्रविष्टियां मिली हैं। अन्य ब्लॉकों के ग्राम पंचायतों में भी ये संख्या अच्छी खासी है। निर्वाचन विभाग का कहना है कि यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही जिले की मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जायेगा। वर्तमान मतदाता सूची में जिले के 980 ग्राम पंचायतों में कुल 24 लाख 23 हजार 648 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। इनमें पुरुष, महिला और नवपंजीकृत मतदाता शामिल हैं। विभाग का उद्देश्य है कि आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदाता सूची पूर्णत शुद्ध और पारदर्शी हो, ताकि किसी भी मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े और किसी का नाम दो जगह दर्ज न रहे। सहायक निर्वाचन अधिकारी धनन्जय दुबे ने बताया कि डुप्लीकेट प्रविष्टियों की पहचान और सुधार का यह अभियान तेजी से चल रहा है। अभियान पूरा होते ही मतदाता सूची का संशोधित प्रकाशन किया जायेगा, जिससे कि पंचायत चुनाव से पहले सभी पात्र मतदाता सही सूची में दर्ज रह सकें।