निर्माणाधीन नाला ढहने का वीडियो वायरल
Kushinagar News - कुशीनगर के छितौनी नगर पंचायत में निर्माणाधीन नाला ढहने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है। नाले का निर्माण मानक के अनुसार नहीं हुआ। अधिकारियों का कहना है कि मजदूरों ने सेटरिंग समय से पहले खोल दी थी।

कुशीनगर। छितौनी नगर पंचायत छितौनी के अंतर्गत पनियहवा-छितौनी बाईपास मार्ग के किनारे निर्माणाधीन नाला ढहने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में निर्माण के दौरान घटिया सामग्री का प्रयोग किए जाने की बात कही गई है। हालांकि, आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। कस्बेवासियों के अनुसार नगर पंचायत के वार्ड नंबर-एक (अंबेडकर नगर) में छितौनी-पनियहवा हाईवे के किनारे 300 मीटर लंबे नाले का निर्माण हो रहा है। इसके निर्माण संबंधी स्टीमेंट का कोई बोर्ड कार्य स्थल पर नहीं लगा है। रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल 2 मिनट 20 सेकेंड के तीन वीडियो में निर्माणाधीन नाले की दीवार और स्लैब गिरा दिखाई दे रहा है।
पहले दो वीडियो में निर्माणाधीन नाले के दोनों तरफ की दीवार का लगभग 15 मीटर हिस्सा गिरा हुआ है, जिसमें मानक के अनुसार काम नहीं होने और घटिया सामग्री का प्रयोग किया जाने के बात कही जा रही है। एक अन्य वीडियो में नाले के ऊपर के स्लैब से सपोर्ट हटते ही बैठ गया है, जिसमें एक व्यक्ति ढलाई में लगे मसाले को हाथ से उठाकर फेक रहा है। गिरी हुई दीवार और स्लैब हाईवे के किनारे एक बिल्डिंग की दुकान के पास की बताई जा रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि नाले का निर्माण कार्य मानक के अनुसार नहीं हो रहा है। इसमें किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी अखिलेश यादव का कहना है कि मजदूरों ने सेटरिंग समय से पहले ही खोल दी, जिससे दीवार और स्लैब गिर गया। उसे पुनः बना दिया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक निषाद को फोन करने के बाद भी इस संबंध में कुछ नहीं कहा गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


