Kushinagar News: जन शिकायतों के शीघ्र समाधान को विधायक ने अधिकारियों को दिए निर्देश
Kushinagar News: टेकुआटार, हिन्दुस्तान संवाद। कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र के रामबर बुजुर्ग गांव के सिसवां में मंगलवार को आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों ने विधायक पीएन प

Kushinagar News: टेकुआटार, हिन्दुस्तान संवाद।
कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र के रामबर बुजुर्ग गांव के सिसवां में मंगलवार को आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों ने विधायक पीएन पाठक के सामने सड़क, बिजली, पेयजल, राशन, पेंशन, आवास, साफ-सफाई व जमीन से जुड़े मामलों की शिकायतें की। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं को एक-एक कर गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर न्यायसंगत निस्तारण करने का निर्देश दिया।
शिकायतों का समाधान
विधायक पीएन पाठक ने कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को गांव में ही सुनकर उनके समाधान की दिशा में तत्काल पहल करना है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीणों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से गांवों में जन चौपाल आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जनता की समस्या हमारी जिम्मेदारी और समाधान की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाये।
कार्यक्रम का संचालन
उन्होंने आवास, पेंशन, राशन समेत अन्य योजनाओं में पात्र लाभार्थियों का चयन पारदर्शिता के साथ करने तथा ग्रामीणों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाते हुए शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने पात्र लोगों से विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता अमरनाथ मद्धेशिया ने किया। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व बीडीओ रामकोला मयंक त्रिपाठी, सहायक अभियंता जल निगम नीरज कुमार, सीडीपीओ शरदचंद मिश्र, सचिव अरविन्द कुमार दिवाकर, पूर्ति निरीक्षक जितेंद्र सिन्हा, संजीव सिंह सिब्लू, मंजीत सिंह, प्रधान पतिराज चौहान, एडीओ पंचायत प्रदीप मल्ल, विनोद तिवारी, ग्यास आलम, विनीत कुमार, आदित्यचंद, विनोद सिंह, शत्रुघ्न सिंह, छठ्ठू उपाध्याय, वशिष्ट मुनि तिवारी, राजू चौहान आदि मौजूद रहे।


