Kushinagar News: कुशीनगर में बच्चों के टीकाकरण ने लगाई लंबी छलांग
Kushinagar News: कुशीनगर, मिथिलेश द्विवेदी। टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की लगातार सक्रियता और गांव-गांव तक

Kushinagar News: कुशीनगर, मिथिलेश द्विवेदी। टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की लगातार सक्रियता और गांव-गांव तक पहुंच ने कुशीनगर में बच्चों के नियमित टीकाकरण की तस्वीर बदलने में बड़ी भूमिका निभाई है। अब पहले की तुलना में अधिक बच्चे बचाव के जरूरी टीके पा रहे हैं। पांच साल में 12 से 23 माह की उम्र के पूरी तरह टीकाकृत बच्चों की दर 65.4 से बढ़कर 79.5 फीसदी पहुंच गई है। पोलियो और खसरा से बचाव के टीकों की कवरेज में भी सुधार हुआ है। रोटावायरस की तीनों खुराक पाने वाले बच्चों की संख्या में तो 41.9 प्रतिशत अंक की बड़ी छलांग दर्ज की गई है। इस सुधार में गांवों में परिवारों से लगातार संपर्क करने वाली आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम रही है। सीएमओ स्तर से नियमित मॉनिटरिंग और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी की देखरेख में टीकाकरण सत्रों की निगरानी ने भी अभियान को गति दी है。
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-6 के आंकड़े
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-6 के आंकड़ों में 12 से 23 माह की उम्र के 79.5 फीसदी बच्चे पूरी तरह टीकाकृत हैं। जबकि एनएफएचएस-5 में यह आंकड़ा 65.4 फीसदी था। यानी पांच साल में पूर्ण टीकाकरण की दर में 14.1 प्रतिशत अंक का सुधार हुआ है। अब हर दस में करीब आठ बच्चे सभी जरूरी टीके पा रहे हैं। हालांकि 20.5 फीसदी बच्चे अभी भी पूर्ण टीकाकरण की श्रेणी से बाहर हैं। ऐसे में शत-प्रतिशत कवरेज तक पहुंचने के लिए छूटे और टीकाकरण से वंचित बच्चों को चिह्नित करने पर जोर जरूरी है।
आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मुकेश यादव ने बताया कि टीकाकरण बढ़ाने में स्वास्थ्य विभाग के साथ आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। गांवों और टोले में आशा कार्यकर्ता परिवारों से संपर्क कर बच्चों के टीकाकरण की जानकारी देती हैं। टीका लगने की तारीख की जानकारी देने से लेकर छूटे बच्चों को अगले सत्र में बुलाने तक उनकी सक्रियता रहती है। विशेष रूप से ऐसे परिवारों तक पहुंचने में उनकी भूमिका अहम है, जहां किसी कारण से बच्चे का टीका छूट जाता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी अपने केंद्र से जुड़े परिवारों और बच्चों के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने तथा टीकाकरण सत्रों के लिए लाभार्थियों को जुटाने में सहयोग करती हैं। यही वजह है कि टीकाकरण में काफी हद तक सुधार देखने को मिल रहा है।
सीएमओ की लगातार मॉनिटरिंग के बाद टीकाकरण में आई तेजी
टीकाकरण अभियान की प्रगति पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से नियमित निगरानी की जाती है। सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश का कहना है कि उनके स्तर से अभियान की मॉनिटरिंग के साथ टीकाकरण की कवरेज और छूटे बच्चों की स्थिति की समीक्षा की जाती है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी की देखरेख में टीकाकरण सत्रों, वैक्सीन की उपलब्धता और क्षेत्रवार प्रगति पर नजर रखी जाती है। कम कवरेज वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष ध्यान देने और छूटे बच्चों तक पहुंच बनाने के लिए निर्देशित किया जाता है। यही कारण है कि टीकाकरण अभियान को केवल सत्र स्थल तक सीमित रखने के बजाय लाभार्थियों के घर तक पहुंचाने में मदद मिली है।
पोलियो की तीनों खुराक में सुधार
पोलियो से बचाव के लिए वैक्सीन की तीनों खुराक पाने वाले बच्चों का प्रतिशत भी पांच साल में बढ़ा है। एनएफएचएस-5 में यह 72.7 फीसदी था, जो एनएफएचएस-6 में बढ़कर 82.5 फीसदी हो गया। यानी इसमें 9.8 प्रतिशत का सुधार देखने को मिल रहा है। वहीं, 24 से 35 माह की उम्र के बच्चों में खसरा युक्त टीके (एमसीवी) की दूसरी खुराक पाने वाले बच्चों का प्रतिशत भी बढ़ा है। एनएफएचएस-5 में 59.8 फीसदी बच्चे दूसरी खुराक पा रहे थे, जबकि एनएफएचएस-6 में यह बढ़कर 69.9 फीसदी हो गया। पांच साल में इसमें 10.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसके अलावा रोटावायरस वैक्सीन की तीन खुराक पाने वाले बच्चों के कवरेज में भी सबसे बड़ा सुधार देखने को मिल रहा है। एनएफएचएस-5 में 44.1 फीसदी बच्चे इसकी तीनों खुराक पा रहे थे। जबकि अब आये सर्वे में यह आंकड़ा बढ़कर 86 फीसदी पहुंच गया है। यानी पांच साल में 41.9 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई है।
सीएमओ की निगरानी और लक्ष्य
सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश ने बताया कि नियमित टीकाकरण को लेकर जिले में लगातार निगरानी की जा रही है। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से बच्चों और उनके अभिभावकों से संपर्क कर छूटे हुए बच्चों को टीकाकरण सत्रों से जोड़ा जा रहा है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी की देखरेख में टीकाकरण सत्रों की नियमित समीक्षा की जाती है। टीकाकरण कवरेज में सुधार उत्साहजनक है, लेकिन हमारा लक्ष्य शत-प्रतिशत बच्चों को सभी जरूरी टीके दिलाना है। इसके लिए कम कवरेज वाले क्षेत्रों और छूटे हुए बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

