
मोतीचक के बरवां में 1.60 करोड़ से बनेगा पंचायत उत्सव भवन
Kushinagar News - उप्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए पंचायत उत्सव भवन बनाने का निर्णय लिया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 1.60 करोड़ रुपये की लागत से भवन बनाए जाएंगे। हाटा विधानसभा के बरवां में भवन के लिए स्वीकृति दी गई है, जिसमें हॉल, कमरे, शौचालय और रसोई जैसी सुविधाएं होंगी।
कुशीनगर। उप्र सरकार ने पंचायत उत्सव भवन बनाने का फैसला लिया है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक साझा मंच प्रदान करना है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पंचायत उत्सव भवन बनाया जाएगा, जिसकी लागत लगभग 1.60 करोड़ रुपये होगी। इसी क्रम में हाटा विधानसभा क्षेत्र के मोतीचक ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरवां में बनाए जाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने स्वीकृति दी है। हाटा विधायक मोहन वर्मा ने बताया कि पंचायत उत्सव भवन में एक हॉल, तीन कमरे, शौचालय, रसोई घर और अन्य सुविधाएं होंगी। ये भवन शादी-विवाह, तिलक, मुंडन, जन्मदिन जैसे आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान प्रदान करेंगे और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को लाभ पहुंचाएंगे।
पंचायत उत्सव भवन के निर्माण के लिए डीएम की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाएगी, जो स्थान का चयन करेगी। यदि कोई व्यक्ति मातृ भूमि योजना के तहत अपनी जमीन देना चाहता है, तो उस पर भी भवन बनाया जा सकता है। बरवां में भवन निर्माण की स्वीकृति दिये जाने पर हाटा विधायक ने मुख्यमंत्री एवं पंचायती राज मंत्री को बधाई देते हुए हाटा विधानसभा के विकास की कड़ी में महत्वपूर्ण योगदान बताते हुए बधाई दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




