Kushinagar News: रेलिंग विहीन पुलिया दे रही हादसे को दावत
Kushinagar News: कुशीनगर के असना गांव में एक पुरानी पुलिया की रेलिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा खतरे में है। प्रतिदिन कई स्कूली वाहन पुलिया से गुजरते हैं। ग्रामीणों ने अधिकारियों से तुरंत मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था के लिए गुहार लगाई है, अन्यथा बड़ा हादसा होने की आशंका है।
Kushinagar News: कुशीनगर, मिथिलेश द्विवेदी। मोतीचक ब्लॉक के असना गांव में नहर पर बनी पुलिया इन दिनों हादसे को दावत दे रही है। पुरानी होने के कारण पुलिया की रेलिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। रेलिंग नहीं होने से पुलिया से गुजरने वाले राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में भय बना हुआ है। प्रतिदिन छह से अधिक स्कूली वाहन इसी पुलिया से होकर गुजरते हैं। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।असना गांव से होकर गुजरने वाली नहर पर काफी पुराना पुल बना हुआ है। समय के साथ पुल की रेलिंग टूटकर पूरी तरह गायब हो गई है।
पुलिया की चौड़ाई सीमित होने और दोनों तरफ सुरक्षा के लिए रेलिंग नहीं होने से इस रास्ते से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। इसके बावजूद स्कूली वाहनों को प्रतिदिन बच्चों को लेकर इस पुल से गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया से बाइक और साइकिल सवारों के नहर में गिरने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण पुलिया से गुजरते समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पुलिया से प्रतिदिन स्कूली वाहनों को गुजरते देखकर गांव के लोगों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को लेकर गुजरने वाले वाहनों में यदि चालक का संतुलन थोड़ा भी बिगड़ा तो वाहन सीधे नहर में जा सकता है। इससे बड़ी जनहानि हो सकती है। ग्रामीण हरदेव प्रसाद, जितेंद्र तिवारी, मनीष सिंह, हरिद्वार मद्धेशिया, व्यास सिंह और सुभाष मिश्र ने बताया कि पुलिया पर रेलिंग बनवाने के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन दिया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय स्तर पर शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिया की तत्काल मरम्मत कराकर दोनों ओर मजबूत रेलिंग लगाई जाए। साथ ही जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं होती, तब तक सुरक्षा के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जाएं। लोगों का कहना है कि विभाग को किसी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय समय रहते पुलिया की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पुलिया पर रेलिंग अथवा सुरक्षा की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों का कहना है कि हादसा होने के बाद कार्रवाई करने से बेहतर है कि अभी से सुरक्षा के इंतजाम कर दिए जाएं।


