कुशीनगर के शिक्षक की बिहार में सड़क हादसे में मौत
Kushinagar News - कुशीनगर के खड्डा कस्बे में 35 वर्षीय शिक्षक आफताब आलम की बिहार में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह प्रतिदिन की तरह स्कूल जा रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।
कुशीनगर, हिन्दुस्तान टीम। कुशीनगर के खड्डा कस्बे के स्वामी विवेकानंद नगर निवासी 35 वर्षीय शिक्षक की सोमवार की सुबह विद्यालय जाते समय बिहार के नौरंगिया थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।स्वामी विवेकानंद नगर निवासी पूर्व सभासद इल्तिजा हुसैन के चार पुत्रों में दूसरे नंबर के आफताब आलम बिहार में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वह प्रतिदिन की तरह सोमवार की सुबह बाइक से बिहार के भैसालोटन स्थित प्राथमिक विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान नौरंगिया थाना क्षेत्र के धोबहा पुल के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि आफताब आलम की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही नौरंगिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, जैसे ही हादसे की खबर परिवार तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। आफताब आलम अपने व्यवहार और मिलनसार स्वभाव के कारण क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। उनकी असामयिक मौत से पूरे कस्बे में मातम पसरा हुआ है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


