नीलगाय के हमले में घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत
हाटा/ढाढा, हिन्दुस्तान संवाद। हाटा तहसील क्षेत्र के सकरौली में नीलगाय के हमले से

हाटा/ढाढा, हिन्दुस्तान संवाद। हाटा तहसील क्षेत्र के सकरौली में नीलगाय के हमले से एक 55 वर्षीय अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को हाटा विधायक मोहन वर्मा व नायब तहसीलदार ने पहुंच कर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए अहेतुक सहायता दिलाने का भरोसा दिया।पिछले 23 जून को हाटा कोतवाली क्षेत्र के सकरौली गांव निवासी 55 वर्षीय मदन साहनी अपने खेत की तरफ गये थे कि वहां पर नीलगाय के हमले में वह बुरी तरह घायल हो गए। परिजन उनको लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा पहुंचाया, जहां पर डाक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
वहां पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर हाटा विधायक मोहन वर्मा, नायब तहसीलदार सुनील कुमार सिंह मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवारीजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। विधायक ने परिजनों को सांत्वना देते हुए संबंधित अधिकारियों से शासन की ओर से अनुमन्य आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा हर संभव सहयोग करने का भरोसा दिया। इस दौरान ग्राम प्रधान अवनीश जायसवाल उर्फ लड्डू जायसवाल, इंद्रजीत भाटिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


