रेलवे के सिग्नल से सिर टकराने से यात्री की मौत
Kushinagar News - दर्दनाक -गोरखपुर-नरकटियागंज रेल खंड पर सोहरौना रेलवे क्रॉसिंग के समीप हुआ हादसा

खड्डा (कुशीनगर), हिन्दुस्तान संवाद। गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर खड्डा के सोहरौना रेलवे क्रॉसिंग के निकट प्लेटफार्म पर सिग्नल से सिर टकराने से एक युवक की मौत हो गई। युवक आनन्द विहार से बिहार जाने वाली स्पेशल ट्रेन में सफर कर रहा था। युवक बिहार का बताया जा रहा है लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई है। जीआरपी ने पोस्टमार्टम के लिए शव गोरखपुर भेज दिया है। आनन्द विहार, दिल्ली से चलकर 04014 स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन लौकहा बाजार, बिहार जा रही थी। जैसे ही ट्रेन ने खड्डा में सोहरौना रेलवे क्रॉसिंग पार की, दरवाजे पर खड़े होकर बाहर की तरफ देख रहे 25 वर्षीय रेलयात्री का सिर सिग्नल से टकरा गया।
इससे सिर के चीथड़े उड़ गए और नीचे गिरकर मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। शव रेलवे स्टेशन के अन्दर होने के चलते पनियहवा जीआरपी प्रभारी गोपाल यादव, कांस्टेबल सत्येन्द्र कुमार, उदय यादव, अभिषेक कुमार के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पनियहवा जीआरपी प्रभारी गोपाल यादव का कहना है कि शव की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन उसके पास कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला, जिससे शिनाख्त हो सके। शव पोस्टमार्टम के लिए गोरखपुर भेज दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


