साइकिल सवार को बचाने में बेकाबू हुई बाइक, सड़क पर गिरकर बच्ची की मौत, तीन घायल
कुशीनगर में तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक सात वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। बच्ची का इलाज कराने के लिए बाइक से जा रहे परिवार की बाइक एक साइकिल सवार को बचाने में गिर गई। परिजनों में कोहराम मच गया।

कुशीनगर, हिन्दुस्तान टीम। जिले के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात हुए सड़क हादसे में सात वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुबेरस्थान पहुंचाया, जहां एक घायल की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर धूस रेफर कर दिया।
दुर्घटना का विवरण
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के पाण्डेय पट्टी मच्छरिया निवासी सुनील यादव पुत्र सुदामा यादव अपनी पत्नी और सात वर्षीय पुत्री निधि यादव के साथ बाइक से बच्ची का इलाज कराने तुर्कपट्टी से कसया जा रहे थे। देर रात जब वे छहूं गांव के पास छहूं मोड़ के निकट पहुंचे, तभी अचानक सड़क पर एक साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक बेकाबू होकर सड़क पर गिर गई।
घायल और मृतक
हादसे में बाइक पर बैठी सात वर्षीय निधि यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ग्राम छहूं निवासी करीब 55 वर्षीय विश्राम पुत्र भृगु गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में सुनील यादव और उनकी पत्नी को भी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने सभी घायलों को सीएचसी कुबेरस्थान पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद विश्राम की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
परिजनों का दुख
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तुर्कपट्टी एसओ आलोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
सड़क सुरक्षा की मांग
इधर, जिला पंचायत सदस्य अमरेश यादव ने कहा कि छहूं मोड़ पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई बार मौखिक और लिखित रूप से प्रशासन से स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने विभाग से तत्काल स्पीड ब्रेकर निर्माण कराने की मांग दोहराई।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


