हाटा-कप्तानगंज मार्ग से अथरहा को जोड़ने वाली सड़क गड्ढों में तब्दील
Kushinagar News - कुशीनगर। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी गड्ढा मुक्त सड़क योजना को हाटा-कप्तानगंज मार्ग से घिवही

कुशीनगर। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी गड्ढा मुक्त सड़क योजना को हाटा-कप्तानगंज मार्ग से घिवही चौराहे के पास से निकलने वाली मुडिला-अथरहा-दुबौली सड़क मुंह चिढ़ा रहा है। करीब आठ किलोमीटर लंबा यह मार्ग पिछले तीन वर्षों से मरम्मत की बाट जोह रहा है। सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।घिवही चौराहे से मुडिला, हरपुर, अथरहा, गडेरीपट्टी होते हुए दुबौली तक जाने वाली यह सड़क दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। स्थानीय लोगों के अनुसार बरसात के दिनों में सड़क पर जलभराव हो जाता है, जिससे आवागमन और कठिन हो जाता है।
दोपहिया वाहन सवार आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। वहीं स्कूली बच्चों, मरीजों और एंबुलेंस सेवाओं को भी इस मार्ग से गुजरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। हर बार बजट की कमी या किसी योजना में शामिल होने का हवाला देकर मामला टाल दिया जाता है। मुडिला, हरपुर, अथरहा, गडेरीपट्टी और दुबौली समेत आसपास के गांवों के हजारों लोग इसी मार्ग से आवागमन करते है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि चुनाव के दौरान सड़क निर्माण और विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद इस ओर ध्यान नहीं दिया जाता। खराब सड़क के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।-----कोट-------इस सड़क को धर्मार्थ योजना में शामिल किया गया है। योजना में शामिल होने के कारण नियमित मरम्मत कार्य नहीं कराया जा रहा है। हालांकि लोगों की परेशानी को देखते हुए मार्ग को विशेष मरम्मत योजना में भी शामिल किया गया है, ताकि जल्द सड़क निर्माण व सुधार कार्य कराया जा सके और लोगों के समस्याओं का समाधान हो सके।राजेश कुमार निगम- अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


