
गंडक नदी पर पक्के पुल के लिए सेतु निगम के अफसरों ने किया सर्वे
Kushinagar News - कुशीनगर, हिटी। लखनऊ से आए सेतु निगम के जीएमडी मिथलेश कुमार के नेतृत्व में
कुशीनगर, हिटी। लखनऊ से आए सेतु निगम के जीएमडी मिथलेश कुमार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम रविवार को खड्डा क्षेत्र के ग्राम भैंसहा स्थित नारायणी (गंडक) नदी के तट पर पहुंची। टीम ने यहां पक्का पुल के निर्माण के लिए विधायक विवेकानंद पाण्डेय के साथ सर्वे किया। यह टीम गंडक नदी के इस पार व उस पार नाव से तीन दिनों तक सर्वे करेगी। सेतु निगम की टीम द्वारा पक्का पुल निर्माण के लिए सर्वे किए जाने की सूचना मिलते ही रेता क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। क्योंकि खड्डा रेता क्षेत्र के ग्राम मरिचहवा, हरिहरपुर, नारायनपुर, शिवपुर व महराजगंज जिले के सोहगीबरवा, बसही,भोथहा व शिकारपुर सहित अन्य गांवों में रहने वाली लगभग 20 हजार की आबादी बाढ़ आने के चलते खानाबदोश की जिंदगी जीती आ रही है।
नदी उस पार बसे गांवों में जाने के लिए कोई सुगम रास्ता नहीं होने से रेतावासी बिहार के रास्ते 43 किमी से अधिक दूरी तय कर या जान जोखिम में डालकर नदी के रास्ते नाव से खड्डा तहसील मुख्यालय आते-जाते हैं। रेतावासियों की इन दुश्वारियों को देखते हुए तत्कालीन विधायक जटाशंकर त्रिपाठी की पहल पर वर्ष 2019 में भैसहा घाट पर पीपा पुल लगाया गया। उसका शुभारम्भ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या द्वारा किया गया था। पीपा पुल का निर्माण होने के बाद रेतावासी महज 10 किमी की दूरी तय कर खड्डा आने जाने लगे। नदी में पानी आने के बाद पीपा पुल बह जाने लगा तो इधर वर्तमान विधायक विवेकानंद पांडेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर भैंसहा नारायणी नदी पर लगे पीपा पुल की जगह जनहित को देखते हुए पक्का पुल निर्माण कराने सहित मांग की। बताया कि उत्तर प्रदेश के पूर्वोत्तर बिहार व नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र पर स्थित खड्डा विधानसभा का प्रवेश द्वार है। नारायणी की पवित्र जलधारा उत्तर प्रदेश व बिहार की सीमाओं का विभाजन करती है। रेता क्षेत्र में आज भी स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, सुदृढ़ मार्ग क्षेत्रों के मामले में पिछड़ा है। इसलिए जनहित को देखते हुए भैंसहा घाट पर पीपा पुल की जगह पक्का पुल का निर्माण किए जाने की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर जल्द अमल में लाए जाने का विधायक को भरोसा दिया था। 29 मार्च 2023 को खड्डा तहसील भवन का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने भैंसहा घाट पर सेतु बनाए जाने की मंच से घोषणा भी की थी। एक साल बाद 3 अगस्त, 2024 को दूसरी बार खड्डा क्षेत्र के ग्राम तुर्कहा में आयोजित बाढ़ राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंच से भैंसहा में पीपा पुल की जगह पक्का पुल निर्माण की घोषणा की थी। कहा था कि सांसद विजय कुमार दुबे व विधायक विवेकानन्द पाण्डेय काफी दिनों से रेतावासियों की दुश्वारियों को देखते हुए नदी पर पक्का पुल बनाने की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्थल का चयन कर उसका सर्वे करने का आदेश भी दिया। आदेश के बाद सेतु निगम देवरिया की टीम ने मौके का सर्वे कर लखनऊ हेड आफिस भेजा था। इसके बाद रविवार को लखनऊ सेतु निगम यूनिट के जीएमडी मिथलेश कुमार, मुख्य अभियंता राकेश कुमार, अधिशासी अभियंता राजेश निगम, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी अविनाश मिश्रा, एसडीओ मनोरंजन कुमार,अवर अभियंता जयचंद के साथ खड्डा क्षेत्र के भैंसहा घाट पहुंचे। यहां विधायक विवेकानंद पांडेय की मौजूदगी में मानचित्र के आधार पर पक्का पुल निर्माण के लिए सर्वे शुरू किया। इस दौरान टीम ने नाव से नदी उस पार भी सर्वे किया। वहीं पक्का पुल निर्माण हेतु सर्वे होने की सूचना मिलते ही रेता क्षेत्र के ग्राम प्रधान इजहार अंसारी, नरसिंह पासवान सहित रामसहाय दुबे, निजामुद्दीन अंसारी, लालू भगत, कोमल यादव, राकेश गुप्ता, संतोष मद्धेशिया, सुभाष राय, प्रदीप गुप्ता सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचकर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री, सांसद विजय कुमार दुबे व विधायक विवेकानंद पांडेय के प्रति आभार जताया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




