Kushinagar News: छात्र के पिटाई मामले में शिक्षा विभाग सख्त, बीईओ ने शुरू कराई जांच
Kushinagar News: कुशीनगर के सिसवा-नाहर क्षेत्र के एक निजी स्कूल में फीस न जमा करने पर एक छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। वायरल हुए वीडियो के कारण शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। बीईओ ने स्कूल की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Kushinagar News: कुशीनगर, मिथिलेश द्विवेदी। सेवरही विकास खण्ड के गांव सिसवा-नाहर क्षेत्र के एक निजी स्कूल में फीस को लेकर छात्र की बेरहमी से पिटाई का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। खंड शिक्षा अधिकारी अमितेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जांच प्रक्रिया
बीईओ अमितेश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वीडियो के आधार पर संबंधित निजी स्कूल की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। चूंकि वीडियो में स्कूल का नाम और लोकेशन स्पष्ट नहीं है, इसलिए पहचान में थोड़ा समय लग रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे ही स्कूल की पहचान स्पष्ट होती है, संबंधित निजी स्कूल के प्रबंधक और प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। जांच में दोषी पाए जाने पर स्कूल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दो दिन पहले फीस न जमा करने पर एक छात्र की शिक्षक द्वारा पिटाई का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा हैं, जिसको लेकर अभिभावकों में भारी आक्रोश है।
पुलिस कार्रवाई
इस संबंध में तरयासुजान थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि फीस के लिए छात्र की पिटाई के मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही दोषी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।


