Kushinagar News: हाईवे पर पकवाइनार से झुगवा क्रासिंग तक स्ट्रीट लाइटें बनीं शोपीस
Kushinagar News: कुशीनगर के वार्ड 6 में झुंगवा क्रॉसिंग से पकवाइनार चौराहा तक स्ट्रीट लाइटें लगातार जलती नहीं हैं। सभासद प्रकाश चन्द्र भारती ने नपा अध्यक्ष से कार्रवाई की मांग की है, क्योंकि रात में अंधेरा रहने से दुर्घटनाएं हो सकती हैं। नपा प्रशासन ने ट्रांसफार्मर लगाने का वादा किया है, लेकिन अब तक यह लागू नहीं हो पाया।

Kushinagar News: कुशीनगर। नगर पालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नं. 6 झुंगवा क्रॉसिंग से पकवाइनार चौराहा तक नेशनल हाईवे फोरलेन के डिवाइडर पर लगी स्ट्रीट लाइटें जब से लगी हैं, तब से जली नहीं हैं। सभासद ने नपा अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी को पत्र लिखकर इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। वार्ड नं 6 के सभासद प्रकाश चन्द्र भारती का कहना है कि इसी तरह की लाइटें कुशीनगर के बुद्धनगरी में लगाई गई हैं जो लगातार प्रकाशित हो रही हैं, लेकिन पकवाइनार के इस व्यस्त मार्ग पर अंधेरा पसरा है। रात में हाईवे पर अंधेरे के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
इसे देखकर वार्ड की जनता में नाराजगी है और लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। हालांकि स्ट्रीट लाइट लो वोल्टेज के कारण नहीं जल रही है। जबकि उसे सुचारु रूप से जलाने के लिए नपा प्रशासन ने अलग से ट्रांसफार्मर लगाने का वादा तो किया था लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं लग पाया है।सभासद ने यह भी बताया कि यश होटल के पास नया ट्रांसफार्मर लगने वाला था, जो अभी तक नहीं लगा है। इस संदर्भ में नपा अध्यक्ष किरन जायसवाल ने कहा कि वहां वोल्टेज नहीं मिल रहा है। जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर लगवाकर उक्त लाइट को प्रकाशित कराने की प्रक्रिया चल रही है।


