Kushinagar News: भाजपा सरकार में आम लोगों के अधिकारों की अनदेखी : आदित्य यादव
Kushinagar News: गुरवलिया बाजार, हिन्दुस्तान संवाद। भाजपा सरकार में आम लोगों के अधिकारों की अनदेखी हो

Kushinagar News: गुरवलिया बाजार, हिन्दुस्तान संवाद। भाजपा सरकार में आम लोगों के अधिकारों की अनदेखी हो रही है। खराब सड़कों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है, जबकि शिक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। सरकार को जनता की समस्याओं का समाधान करने और लोगों के अधिकारों की रक्षा करने पर ध्यान देना चाहिए।ये बातें बदायूं के सपा सांसद आदित्य यादव ने कहीं। वे तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के खलवा पट्टी ग्राम सभा में समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव तथा गांव निवासी दिवंगत रमायन यादव की प्रतिमाओं के अनावरण कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया का जिक्र करते हुए लोगों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की। कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहना चाहिए ताकि कोई भी व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए स्कूल खोले गए, जबकि भाजपा सरकार में स्कूल बंद किए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए जनता की समस्याओं के समाधान की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम को पूर्व जिलाध्यक्ष इलियास अंसारी, पूर्व राज्य मंत्री राधेश्याम सिंह, डॉ. पीके राय, राजन शुक्ल ने भी संबोधित किया। दिवंगत रमायन यादव के पुत्र कमांडो मुलायम यादव ने अतिथियों के प्रति आभार जताया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामअवध यादव ने की। इस दौरान चंद्रजीत यादव, संजय गुप्ता, शैलेंद्र यादव, वकील अहमद, जितेंद्र गुप्ता, राजेश यादव, हरिलाल यादव, व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद यादव आदि मौजूद रहे।

