Kushinagar News: संस्कार संगम ने रील्स के प्रभाव पर स्कूली बच्चों को किया जागरूक
Kushinagar News: कुशीनगर में सोशल मीडिया रील्स का विद्यार्थियों के जीवन पर प्रभाव एवं डिजिटल अनुशासन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम हुआ। लगभग 200 छात्रों को सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग के लिए सचेत किया गया। वक्ताओं ने बच्चों को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और तकनीक का सही उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

Kushinagar News: कुशीनगर। संस्कार संगम कुशीनगर के तत्वावधान में राहुल शिशु शिक्षा निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुशीनगर में सोशल मीडिया रील्स का विद्यार्थियों के जीवन पर प्रभाव एवं डिजिटल अनुशासन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के लगभग दो सौ छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया के संतुलित एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति सचेत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्राचार्य डॉ नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया ज्ञान और जानकारी का महत्वपूर्ण माध्यम है, लेकिन इसका अत्यधिक और अनियंत्रित उपयोग विद्यार्थियों की पढ़ाई, एकाग्रता और दिनचर्या को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने बच्चों से रील्स देखने में समय बर्बाद करने की बजाय अपने लक्ष्य और भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता
मुख्य वक्ता एडवोकेट सरिता मिश्रा ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग आवश्यकता और उद्देश्य के अनुसार ही किया जाना चाहिए। विशिष्ट अतिथि डॉ. अम्बरीश विश्वकर्मा ने कहा कि तकनीक आज के समय की आवश्यकता है, लेकिन तकनीक का सही उपयोग तभी सार्थक है जब वह हमारे जीवन को बेहतर बनाए। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई, खेल, योग, परिवार और सामाजिक गतिविधियों के लिए पर्याप्त समय देने के लिए प्रेरित किया।
प्रश्नोत्तर सत्र
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं कार्यक्रम अध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह तथा अविनाश सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर सामग्री वास्तविक या उपयोगी नहीं होती। विद्यार्थियों के साथ वाद-संवाद किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने सोशल मीडिया और रील्स से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। वक्ताओं ने बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें डिजिटल माध्यमों के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में लगभग 200 छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया के संतुलित एवं जिम्मेदार उपयोग तथा डिजिटल अनुशासन का पालन करने की शपथ दिलाई गई। संचालन शिक्षक राजू मद्धेशिया ने किया। अंत में संस्था के अध्यक्ष अशोक जैन ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।


