
कुबेरस्थान के सिसवा रेगुलेटर के पास मिला गायब युवक का कंकाल
Kushinagar News - पडरौना, निज संवाददाता। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र में स्थित
पडरौना, निज संवाददाता। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र में स्थित सिसवा रेगुलेटर के समीप नहर पटरी से गुरुवार को मानव कंकाल बरामद हुआ। आशंका जतायी जा रही है कि बरामद कंकाल पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बसहिया गांव से बीते 23 सितंबर से लापता युवक का है। युवक के पिता ने उसके अपहरण की आशंका जतायी थी, जिस पर स्वाट टीम एवं पडरौना कोतवाली की संयुक्त पुलिस टीम मामले की छानबीन में जुटी हुई। सूत्रों की मानें तो इस मामले में उठाये गये चार संदिग्धों से पूछताछ के बाद उनके निशानदेही पर कंकाल बरामद किया। फिलहाल कंकाल किसका है इसकी पुष्टि के लिए उसे डीएनए टेस्ट के लिए भेज दिया।

पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बसहिया गांव निवासी गौसे आलम उर्फ गौस मोहम्मद (26 वर्ष) पुत्र एजाजुल हक फार्मासिस्ट था जो अपने सहयोगी अनमोल कुशवाहा के साथ मिलकर आस्था हॉस्पिटल नामक निजी अस्पताल चलाता था। बीते 23 सितंबर को वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने लगातार उसकी तलाश की मगर उसका कहीं पता नहीं चल सका। बाद में गौस मोहम्मद के पिता एजाजुल हक ने उसके एक महिला मित्र पर अपने कुछ सहयोगियों के साथ उसका अपहरण कर हत्या किये जाने का आरोप लगाया। कोतवाली पुलिस गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर सर्विलांस टीम की मदद से उसकी तलाश में जुट गयी। एसपी केशव कुमार ने मामले को गंभीरता से लेकर कोतवाली पुलिस की मदद को स्वाट टीम को भी लगा दिया। सूत्रों की मानें तो छानबीन के दौरान कुछ संदिग्ध लोगों का नाम प्रकाश में आया, जिसमें से चार को पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि पूछताछ में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे और हिरासत में लिये गये संदिग्धों की निशानदेही पर गुरुवार को कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सिसवा रेगुलेटर के समीप कंकाल बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में कंकाल गौस मोहम्मद के होने की आशंका जतायी जा रही है। हालांकि पुष्टि के लिए पुलिस ने बरामद कंकाल को डीएनए टेस्ट के लिए भेज दिया है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को नहर किनारे फेंक दिया गया था ताकि सबूत मिटाए जा सके। कंकाल बरामद होने की सूचना पर एएसपी सिद्धार्थ वर्मा एवं सीओ सदर ने पहुंच कर मौके का निरीक्षण किया वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य इकट्ठा किया। कंकाल बरामद होने के बाद एहतियात के तौर पर बसहिया गांव के आसपास पुलिस की सतर्कता बढा दी गयी है। पुलिस ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है। सभी पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


