जनगणना: आज से 21 मई तक चलेगा स्वगणना अभियान : डीएम
Kushinagar News - कुशीनगर में डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत 07 से 21 मई तक स्व-गणना अभियान चलाया जाएगा। विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता से व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्रामीणों को प्रेरित करने के लिए विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
कुशीनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार को बताया कि भारत सरकार एवं गृह मंत्रालय के निर्देश पर जनगणना-2027 की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। आज 07 से 21 मई तक स्व-गणना अभियान चलाया जएगा। इसके लिए विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से व्यापक कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
स्व-गणना का प्रचार-प्रसार
डीएम ने बताया कि स्व-गणना के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके अंतर्गत सेल्फी प्वाइंट, बैनर, पोस्टर, जन जागरूकता कार्यक्रम आदि आयोजित किए जा रहे हैं। उनकी प्रतिदिन की फोटो डीपीआरओ को उपलब्ध कराई जा रही है। ग्राम एवं ब्लॉक स्तर पर गतिविधियां ग्राम प्रधान, शिक्षक, विद्यालय प्रधानाचार्य, आईटीआई/पॉलिटेक्निक संस्थानों के प्रधानाचार्य, आशा एवं एएनएम कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह, पंचायत सचिव, लेखपाल, सीएससी/जन सेवा केंद्र संचालक, एनसीसी/एनएसएस/युवा स्वयंसेवक आदि को स्व-गणना अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्राम प्रधान का उदाहरण
ग्राम प्रधान अभियान के प्रथम दिन स्वयं स्व-गणना कर उदाहरण प्रस्तुत करेंगे तथा ग्रामीणों को प्रेरित करेंगे। विद्यालयों में सभाओं, पेंटिंग/रंगोली प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्व-गणना का संदेश दिया जाएगा।
महिलाओं को जानकारी
उन्होंने आगे बताया कि आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं स्वयं सहायता समूह की बैठकों में महिलाओं को स्व-गणना पोर्टल के उपयोग की जानकारी दी जाएगी तथा आवश्यकतानुसार परिवारों की सहायता की जाएगी। सीएससी एवं जन सेवा केंद्रों पर आने वाले नागरिकों को स्व-गणना में सहायता प्रदान की जाएगी। शहरी झुग्गी-झोपड़ियों एवं दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों में कम डिजिटल साक्षरता वाले परिवारों को विशेष सहयोग दिया जाएगा।
प्रचार-प्रसार का कार्य
कोटेदार, गैस एजेंसी, पेट्रोल पंप, व्यापारिक प्रतिष्ठान एवं उद्योग इकाइयों को व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा 07 से 21 मई के मध्य अपने यहां आने वाले नागरिकों को स्व-गणना के लिए प्रेरित एवं सहायता करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी विभागों का सहयोग
इसी प्रकार नगर निकाय, बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, होमगार्ड एवं अन्य संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र में अधिकतम स्व-गणना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। तहसीलदार/नायब तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों को स्व-गणना के बारे में प्रेरित करेंगे। 07 से 21 मई के मध्य सभी प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत सदस्य स्व गणना करेंगे तथा अपने क्षेत्र में आम जन से स्व गणना कराएंगे।
डीएम की अपील
डीएम ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अभियान को जनआंदोलन का रूप देते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने आम जनमानस से अपील की है कि वे स्वयं स्व-गणना करें तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, जिससे जनगणना-2027 की प्रक्रिया को सफल बनाया जा सके।
अधिकतर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


